IND vs ZIM 3rd T20I: भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए तीसरे और अंतिम मुकाबले में 35 रन से जीत दर्ज की। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 192 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 157 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने सीरीज पर 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया।

रयान बर्ल ने लड़ी अकेली लड़ाई

193 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण टीम कभी भी लक्ष्य के करीब नहीं पहुंच सकी।

हालांकि, मध्यक्रम में रयान बर्ल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 54 रन की अर्धशतकीय पारी खेली और टीम को मुकाबले में बनाए रखने की कोशिश की। उनके अलावा वेस्ली मधेवेरे ने 28 रन, बेन कुरेन ने 20 रन, डायोन मायर्स ने 19 रन और ब्रैड इवांस ने 14 रन का योगदान दिया। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका, जिससे जिम्बाब्वे की टीम निर्धारित 20 ओवर में 157 रन ही बना सकी।

मयंक यादव ने झटके तीन विकेट

भारतीय गेंदबाजों ने पूरे मैच में शानदार अनुशासन के साथ गेंदबाजी की। तेज गेंदबाज मयंक यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 3 महत्वपूर्ण विकेट लेकर जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

इसके अलावा यश ठाकुर ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि रवि बिश्नोई और अशोक शर्मा को 1-1 सफलता मिली। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा और जिम्बाब्वे को बड़े साझेदारी बनाने का मौका नहीं दिया।

वैभव सूर्यवंशी की पारी बनी जीत की नींव

इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 192 रन बनाए थे। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 81 रन की दमदार पारी खेली और अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा अर्धशतक जड़ा। उनके अलावा ईशान किशन ने 29 रन, कप्तान श्रेयस अय्यर ने 27 रन, रिंकू सिंह ने 25 रन की तेज पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा 11 रन बनाकर नाबाद लौटे।

जिम्बाब्वे की ओर से ब्रैड इवांस ने 2 विकेट लिए, जबकि सिकंदर रज़ा, ब्लेसिंग मुज़ारबानी और वेस्ली मधेवेरे को 1-1 विकेट मिला।

टीम इंडिया ने किया सीरीज पर क्लीन स्वीप

श्रेयस अय्यर को आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज में पहली बार भारतीय टीम की कप्तानी सौंपी गई थी। हालांकि, उस सीरीज में भारत को 2-0 से हार का सामना करना पड़ा और अय्यर की कप्तानी की शुरुआत निराशाजनक रही।

इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में भी भारतीय टीम को 4-0 से हार मिली, जबकि एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था।

हालांकि, जिम्बाब्वे दौरे पर अय्यर की अगुवाई में भारतीय टीम ने शानदार वापसी करते हुए लगातार दो मुकाबले जीतकर पहले ही सीरीज अपने नाम कर ली थी। अब आज तीसरे टी20 में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे को 35 रन से हराकर न सिर्फ सीरीज 3-0 से अपने नाम की, बल्कि जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 क्रिकेट में अपना दबदबा भी कायम रखा। कप्तान के रूप में यह श्रेयस अय्यर की पहली टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज जीत भी रही, जिससे टीम का आत्मविश्वास आगामी चुनौतियों से पहले और मजबूत हुआ।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H