IND W vs AUS W, ICC Women’s T20 World Cup 2026: महिला टी20 विश्व कप में आज शाम लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अहम मुकाबला खेला जाएगा। भारत के लिए यह मैच “करो या मरो” जैसा होगा। सेमीफाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित करने के लिए टीम इंडिया को हर हाल में ऑस्ट्रेलिया को हराना जरूरी है। अगर भारत यह मुकाबला हार जाता है, तो उसे साउथ अफ्रीका बनाम बांग्लादेश मैच के नतीजे पर निर्भर रहना पड़ेगा, जहां उसे उम्मीद करनी होगी कि बांग्लादेश साउथ अफ्रीका को हराकर भारत के लिए सेमीफाइनल का रास्ता खोल दे।
बता दें कि भारतीय महिला और ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के बीच मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से शुरू होगा, जबकि इससे पहले 6:30 बजे टॉस होगा। मुकाबले से पहले आइए लॉर्ड्स की पिच रिपोर्ट, दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11, हेड-टू-हेड रिकॉर्ड और लाइव स्ट्रीमिंग की डिटेल्स समेत मैच से जुड़ी अहम अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।
सेमीफाइनल का पूरा समीकरण

विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-ए में आज लॉर्ड्स में खेले जाने वाले दो मुकाबलों के बाद सेमीफाइनल की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी। पहले मैच में साउथ अफ्रीका का सामना बांग्लादेश से होगा, जबकि दूसरे मुकाबले में भारत और ऑस्ट्रेलिया आमने-सामने होंगे।
ऑस्ट्रेलिया 8 अंकों के साथ लगभग सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुका है। अब दूसरा स्थान भारत और साउथ अफ्रीका के बीच कड़े मुकाबले से तय होगा। दोनों टीमों के 6-6 अंक हैं, लेकिन भारत का नेट रनरेट (+2.268) साउथ अफ्रीका (+0.734) से बेहतर है। वहीं बांग्लादेश 4 अंकों के साथ दौड़ में बना हुआ है, लेकिन कमजोर नेट रनरेट (-0.849) के कारण पीछे है।
अगर भारत और साउथ अफ्रीका दोनों अपने-अपने मैच जीतते हैं, तो तीनों टीमों के 8-8 अंक हो जाएंगे और फैसला नेट रनरेट से होगा, जिसमें भारत को फिलहाल बढ़त हासिल है। वहीं अगर ऑस्ट्रेलिया अपना मैच जीतता है, तो वह 10 अंकों के साथ टॉप पर रहते हुए सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएगा। कुल मिलाकर, भारत के लिए यह मैच जीतना सीधे सेमीफाइनल का टिकट दिला सकता है।
लॉर्ड्स की पिच रिपोर्ट

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले मुकाबले में लॉर्ड्स की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार रहने की उम्मीद है। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को स्विंग और सीम मूवमेंट मिल सकता है, जिससे ओपनर्स की परीक्षा होगी। हालांकि जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा, पिच बल्लेबाजी के लिए आसान होती जाएगी और बल्लेबाज खुलकर शॉट्स खेल सकेंगे।
यहां बड़ा स्कोर बनाने के लिए सेट बल्लेबाजों की भूमिका अहम होगी क्योंकि नई गेंद के बाद रन बनाना अपेक्षाकृत आसान हो जाता है।
मौसम की बात करें तो AccuWeather के अनुसार मैच के दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है, जो खेल के लिए अनुकूल स्थिति मानी जा रही है।
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा भारी?

महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक 37 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें ऑस्ट्रेलिया का दबदबा साफ नजर आता है। कंगारू टीम ने 27 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि भारत को नौ मुकाबलों में सफलता मिली है। दोनों टीमों के बीच एक मैच टाई भी रहा है।
यदि महिला टी20 विश्व कप की बात करें, तो यहां भी ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड भारत के खिलाफ शानदार रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक छह मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें ऑस्ट्रेलिया ने पांच बार जीत हासिल की है। भारत की एकमात्र जीत 2018 महिला टी20 विश्व कप के ग्रुप स्टेज में आई थी, जब स्मृति मंधाना की 83 रन की शानदार पारी की बदौलत टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराया था।

हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को कड़ी चुनौती दी है। भारतीय टीम ने 2025 महिला वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल का टिकट कटाया था। इसके अलावा, इसी साल ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर टी20 सीरीज जीतकर टीम इंडिया ने अपने बढ़ते आत्मविश्वास और मजबूत प्रदर्शन का भी परिचय दिया।
भारत और ऑस्ट्रेलिया की संभावित प्लेइंग-11

भारत की संभावित प्लेइंग-11
शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली/यस्तिका भाटिया, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, राधा यादव, अरुंधति रेड्डी/नंदनी शर्मा, रेणुका सिंह और एन श्री चरणी।
ऑस्ट्रेलिया की संभावित प्लेइंग-11
बेथ मूनी (विकेटकीपर), जॉर्जिया वोल, फोएबी लिचफील्ड, एलिस पेरी, एश्ले गार्डनर, जॉर्जिया वेयरहम, एनाबेल सदरलैंड, निकोला कैरी, सोफी मोलिन्यू (कप्तान), अलाना किंग और किम गर्थ।
कहां देखें लाइव मुकाबला?

भारत और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीमों के बीच होने वाले इस मुकाबले का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। दर्शक टीवी पर हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में कमेंट्री का आनंद ले सकेंगे। इसके अलावा, इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध रहेगी, जहां मोबाइल और अन्य डिजिटल डिवाइस पर भी मुकाबला देखा जा सकता है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

