नितिन नामदेव, रायपुर। ट्रेन का आरक्षित टिकट रेलवे काउंटर से बुक कराने वाले यात्रियों को भी अब वैकल्पिक यात्रा बीमा लेने का विकल्प मिलेगा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में यह सुविधा 27 अक्टूबर 2026 से शुरू की जा रही है। अभी तक ऑनलाइन ई-टिकट बुकिंग के दौरान उपलब्ध इस सुविधा का लाभ अब यात्री आरक्षण प्रणाली (PRS) काउंटरों से टिकट लेने वाले यात्री भी उठा सकेंगे।

नई व्यवस्था के तहत यात्री टिकट बुक कराते समय अपनी सहमति से वैकल्पिक यात्रा बीमा योजना (OTIS) चुन सकेंगे। इसके लिए रेलवे के आरक्षण काउंटरों पर तकनीकी बदलाव किए जा रहे हैं। सेंटर फॉर रेलवे इन्फॉर्मेशन सिस्टम्स (CRIS), IRCTC के साथ मिलकर सिस्टम को अपडेट करने और जरूरी तकनीकी एकीकरण का काम कर रहा है। यह सुविधा 6 अक्टूबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट के दिए गए निर्देशों के अनुपालन में शुरू की जा रही है।

यात्री की सहमति के बाद ही मिलेगा बीमा

रेलवे काउंटर से टिकट बुक कराने पर बीमा अपने आप लागू नहीं होगा। यह पूरी तरह वैकल्पिक रहेगा। काउंटर पर मौजूद कर्मचारी यात्रियों को बीमा की सुविधा और उसे लेने के विकल्प की जानकारी देंगे। यात्री की सहमति दर्ज होने के बाद ही बीमा की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

बीमा लेने के इच्छुक यात्रियों को अपना मोबाइल नंबर देना होगा। इसके साथ निर्धारित प्रीमियम का भुगतान डिजिटल माध्यम से करना जरूरी होगा। मोबाइल नंबर के बिना बीमा नहीं लिया जा सकेगा। पॉलिसी जारी करने के लिए यात्री की जानकारी सही तरीके से दर्ज की जाएगी, ताकि संबंधित बीमा कंपनी तक विवरण पहुंच सके। बीमा पॉलिसी से जुड़ी जानकारी यात्री के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजी जाएगी।

दुर्घटना में मौत पर ₹10 लाख तक का कवर

वैकल्पिक यात्रा बीमा योजना के तहत पात्र घटनाओं में यात्रियों को पॉलिसी की शर्तों के अनुसार आर्थिक सुरक्षा मिलती है। इसमें बीमित यात्रा के दौरान निर्धारित रेल दुर्घटनाओं और अन्य पात्र घटनाओं से होने वाले नुकसान के लिए अलग-अलग राशि तय की गई है।

पॉलिसी दस्तावेज में दिए गए बीमा कवर के मुताबिक:

मौत होने पर: ₹10 लाख

स्थायी पूर्ण दिव्यांगता पर: ₹10 लाख

स्थायी आंशिक दिव्यांगता पर: ₹7.50 लाख

चोट लगने पर अस्पताल में भर्ती का खर्च: ₹2 लाख तक

पार्थिव शरीर के परिवहन के लिए: ₹10,000 तक

ये लाभ पॉलिसी में तय शर्तों, प्रावधानों और अपवर्जनों के अधीन मिलेंगे। इसलिए बीमा लेने से पहले यात्रियों को कवर और उससे जुड़ी शर्तों की जानकारी लेना जरूरी होगा।

प्रति यात्री 45 पैसे प्रीमियम का प्रावधान

पॉलिसी दस्तावेज के अनुसार, 17 फरवरी 2024 से लागू प्रीमियम ₹0.45 प्रति यात्री, सभी करों सहित, निर्धारित है। हालांकि, काउंटर से टिकट बुक कराते समय यात्रियों को उस समय लागू प्रीमियम की पुष्टि कर लेनी चाहिए।

बीमा लेने का विकल्प चुनने वाले यात्री को निर्धारित प्रीमियम का डिजिटल भुगतान करना होगा। ऐसे में टिकट का भुगतान और बीमा प्रीमियम की प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी काउंटर पर ही स्पष्ट कर लेना उपयोगी रहेगा।

किन यात्रियों को मिलेगा योजना का लाभ?

यह सुविधा पात्र भारतीय रेल यात्रियों के लिए है। योजना के तहत कन्फर्म, RAC और आंशिक रूप से कन्फर्म आरक्षण वाले यात्री निर्धारित शर्तों के अधीन बीमा के पात्र हो सकते हैं। वहीं, बिना बर्थ या सीट के यात्रा करने वाले पांच साल से कम उम्र के बच्चे इस बीमा कवर में शामिल नहीं हैं।

योजना में कुछ विशेष परिस्थितियों के लिए भी प्रावधान हैं। इनमें निर्धारित शर्तों के तहत डायवर्ट की गई पात्र ट्रेनें, विकल्प यानी VIKALP योजना के तहत आवंटित ट्रेनें और रेलवे की ओर से उपलब्ध कराए गए वैकल्पिक परिवहन से जुड़ी यात्राएं शामिल हो सकती हैं। इन परिस्थितियों में बीमा सुरक्षा लागू होने का फैसला संबंधित पॉलिसी की शर्तों के मुताबिक होगा।

रेलवे कर्मचारियों को दी जाएगी जानकारी

नई सुविधा को काउंटरों पर सुचारु रूप से लागू करने के लिए आरक्षण पर्यवेक्षकों और कर्मचारियों को इसकी प्रक्रिया समझाई जाएगी। मंडल रेल प्रबंधक और वाणिज्य विभाग के अधिकारी व्यवस्था की निगरानी करेंगे।

यदि सिस्टम में तकनीकी दिक्कत आती है या बीमा जारी करने की प्रक्रिया में परिचालन संबंधी समस्या सामने आती है, तो इसकी जानकारी CRIS और IRCTC को दी जाएगी। जरूरत पड़ने पर मुख्यालय को भी सूचित किया जाएगा। PRS काउंटरों से जारी होने वाली बीमा पॉलिसियों पर वही नियम और शर्तें लागू होंगी, जो ई-टिकट यात्रियों के लिए निर्धारित हैं।

बीमा दावों का निपटारा रेलवे नहीं, कंपनी करेगी

बीमा से जुड़ी एक महत्वपूर्ण बात यह है कि पॉलिसी जारी करने और पात्र दावों का निपटारा करने की जिम्मेदारी संबंधित बीमा कंपनी की होगी। किसी दुर्घटना या अन्य पात्र घटना के बाद बीमा राशि के लिए दावा करने अथवा पॉलिसी से जुड़ी जानकारी लेने के लिए यात्री को बीमा दस्तावेज में दिए गए संपर्क विवरण के आधार पर सीधे कंपनी से संपर्क करना होगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H