Birmingham Mayor Kashmir Statement: ब्रिटेन के दूसरे सबसे बड़े शहर बर्मिंघम के मेयर जाकिर चौधरी के कश्मीर को लेकर दिए गए विवादित बयान पर भारत ने कड़ा रुख अपनाया है। चौधरी ने पिछले महीने एक कार्यक्रम में कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा बताते हुए भारत-पाकिस्तान के बीच बातचीत की अपील की थी। उनके बयान के बाद ब्रिटेन में भी इसे लेकर विवाद खड़ा हो गया।
जाकिर चौधरी ने क्या कहा था?
एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जाकिर चौधरी ने कहा था, “हमारे पूर्वजों ने हमारे देश के लिए लड़ाई लड़ी। कश्मीर हमारा है, पाकिस्तान हमारा है और सेना भी हमारी है।” उन्होंने आगे पाकिस्तान सरकार और कश्मीर पक्ष से बातचीत की मेज पर बैठकर विवाद सुलझाने की अपील की थी। चौधरी के इस बयान की सोशल मीडिया पर आलोचना हुई। कुछ ब्रिटिश नागरिकों ने उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए उन्हें डिपोर्ट करने तक की मांग उठाई।
भारत ने दोहराया अपना रुख
बर्मिंघम मेयर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार, 4 सितंबर 2026 को भारत का स्पष्ट रुख दोहराया। रणधीर जायसवाल ने कहा, “कश्मीर के मामले में भारत का रुख साफ है। पूरा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत का हिस्सा हैं और भारत के अभिन्न अंग हैं।” उन्होंने पाकिस्तान के प्रति भारत की नीति को लेकर भी कहा कि इस विषय पर भारत को अपनी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट है।
कश्मीर पर भारत का रुख स्पष्ट
भारत लंबे समय से स्पष्ट करता रहा है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत के अभिन्न हिस्से हैं और कश्मीर से जुड़े मुद्दों पर उसका रुख स्पष्ट है। ऐसे में बर्मिंघम मेयर की टिप्पणी ने एक बार फिर कश्मीर मुद्दे और भारत-पाकिस्तान संबंधों को लेकर राजनीतिक बहस तेज कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



