NEET-UG पेपर लीक विवाद को लेकर संसद में जारी गतिरोध के बीच कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसदों ने विरोध मार्च निकाला। INDIA ब्लॉक के सांसद और नेता शांतिपूर्ण तरीके से 30 जनवरी मार्ग स्थित गांधी स्मृति की ओर जा रहे थे, तभी पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। बताया जा रहा है कि विपक्षी सांसदों की बस को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास से पहले ही रोक दिया गया।

राहुल गांधी बोले- छात्रों के साथ खड़ा है पूरा विपक्ष

विरोध मार्च के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष उन छात्रों को याद करने जा रहा है, जिन्होंने NEET पेपर लीक के बाद कथित तौर पर अपनी जान गंवाई। उन्होंने कहा कि जो छात्र घायल हुए हैं और न्याय व जवाबदेही की मांग कर रहे हैं, विपक्ष उनके साथ खड़ा है।

राहुल गांधी ने कहा, “भारत के छात्र अकेले नहीं हैं। पूरा विपक्ष उनके और उनकी मांगों के साथ खड़ा है।” इस बीच, राहुल गांधी के आवास के बाहर दिल्ली पुलिस की मौजूदगी भी बढ़ा दी गई।

राहुल गांधी के साथ बैठक में कौन-कौन नेता पहुंचे?

राहुल गांधी के साथ हुई बैठक में INDIA गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इनमें अरविंद सावंत, सुप्रिया सुले, महुआ मोइत्रा, महुआ मांझी, सौगत राय, मीसा भारती, संजय यादव, जॉन ब्रिटास, पी. संतोष कुमार, रामजी लाल सुमन और ईटी मोहम्मद बशीर समेत कई सांसद शामिल रहे। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव बैठक में मौजूद नहीं थे।

संसद में NEET मुद्दे पर जारी गतिरोध

विपक्ष NEET-UG पेपर लीक मामले पर संसद में विस्तृत चर्चा और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है। राज्यसभा में विपक्ष ने नियम 267 के तहत चर्चा की मांग भी उठाई है। वहीं, केंद्र सरकार का कहना है कि वह NEET विवाद पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष को किसी तरह की शर्त नहीं रखनी चाहिए।

लोकसभा और राज्यसभा में हंगामा

इससे पहले संसद के दोनों सदनों में NEET मुद्दे को लेकर जमकर हंगामा हुआ। विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार NEET मामले पर चर्चा के लिए तैयार है और विपक्ष की शर्तों के कारण सदन की कार्यवाही बाधित हो रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m