Indigo Flight Delay: दिल्ली से जयपुर आ रही IndiGo की फ्लाइट 6E-6131 में करीब 49 मिनट की देरी को लेकर नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने एयरलाइन की व्यवस्था और जवाबदेही पर सवाल उठाए हैं।
बेनीवाल के मुताबिक, फ्लाइट को दिल्ली से रात 8:20 बजे जयपुर के लिए उड़ान भरनी थी, लेकिन तय समय पर उड़ान नहीं भर सकी। विमान ने करीब 9:09 बजे उड़ान भरी और रात 10:05 बजे जयपुर पहुंचा। सांसद ने सोशल मीडिया पर एयरलाइन और केंद्र सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।

पायलट के समय पर नहीं पहुंचने का लगाया आरोप
हनुमान बेनीवाल ने दावा किया कि फ्लाइट के पायलट के समय पर नहीं पहुंचने के कारण विमान निर्धारित समय पर रवाना नहीं हो सका। इसके चलते विमान में सवार यात्रियों को करीब 49 मिनट इंतजार करना पड़ा। फ्लाइट को रात 8:20 बजे दिल्ली से रवाना होना था, लेकिन करीब 9:09 बजे उड़ान भरने के बाद यह रात 10:05 बजे जयपुर पहुंची।
बेनीवाल ने पूछा, आम यात्री लेट हो तो क्या फ्लाइट रुकेगी?
फ्लाइट में देरी से नाराज सांसद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एयरलाइन की व्यवस्था पर सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि अगर कोई आम यात्री किसी वजह से एक घंटे देर से एयरपोर्ट पहुंचे तो क्या एयरलाइन उसके लिए विमान को एक घंटे तक रोककर रखेगी? बेनीवाल ने कहा कि यात्रियों से समय की पाबंदी की उम्मीद की जाती है। ऐसे में एयरलाइन की फ्लाइट निर्धारित समय से लेट होने पर उसकी जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।
केंद्र सरकार पर भी साधा निशाना
सांसद ने हवाई यात्रा में विश्वस्तरीय सुविधाओं के दावों को लेकर केंद्र सरकार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यात्रियों को समय, सम्मान और जवाबदेही मिलनी चाहिए। बेनीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार से भी इस मामले में जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
नागरिक उड्डयन मंत्री से कार्रवाई की मांग
हनुमान बेनीवाल ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से भी मामले में कार्रवाई को लेकर सवाल किया। उन्होंने पूछा कि क्या इंडिगो की इस देरी पर कार्रवाई की जाएगी। सांसद इससे पहले भी फ्लाइट में देरी और यात्रियों को होने वाली परेशानियों को लेकर एयरलाइन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा चुके हैं।
इंडिगो ने बताई देरी की वजह
बेनीवाल की पोस्ट के बाद इंडिगो ने अपने आधिकारिक अकाउंट से जवाब दिया और खेद जताया। एयरलाइन ने कहा कि दिल्ली में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई थी। कंपनी के मुताबिक, इसी वजह से फ्लाइट में देरी हुई।
पढ़ें ये खबरें
- राशन कार्डधारियों को सितंबर-अक्टूबर का एक साथ मिलेगा चावल, जानें कब तक कर सकेंगे उठाव
- हाईकोर्ट ने जिला शिक्षा अधिकारी की नियुक्ति पर लगी रोक हटाई, याचिकाकर्ताओं ने वापस लिया केस, जानिए क्या है मामला
- सागर की जहरीली शराब त्रासदी के बाद महिलाओं का गुस्सा फूटा! शिवपुरी में शराब दुकान पर बोला धावा, बोतलें बाहर फेंककर लगाई आग
- अपराधियों को सजा में देरी नहीं! मुख्य सचिव ने अफसरों को दिया समयबद्ध कार्रवाई का अल्टीमेटम
- भ्रष्टाचार के हदें पार: ताश के पत्तों की तरह ढहा पुल, टला बड़ा हादसा


