पोलैंड के दूसरे सबसे बड़े शहर क्राको में शनिवार को गोलीबारी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई। शहर के एक व्यस्त बाजार में बंदूकधारी ने लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (AP) के मुताबिक, पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान हमलावर भी गोली लगने से घायल हो गया। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
क्राको के बाजार में अचानक बरसाईं गोलियां
रिपोर्ट के अनुसार, बंदूकधारी ने क्राको के मुख्य चौराहे के पास से गुजरते समय अचानक लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। गोलीबारी के कारण बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान पुलिस और हमलावर के बीच गोलीबारी हुई, जिसमें आरोपी घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, इस घटना में कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पोलैंड के पीएम डोनाल्ड टस्क ने लिया हालात का जायजा
पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और गृह मंत्रालय उन्हें लगातार हालात से अवगत करा रहा है।
प्रधानमंत्री ने घटना पर नजर बनाए रखने की बात कही है। हालांकि, फिलहाल हमले के पीछे की वजह और आरोपी के मकसद को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
क्राको में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई
क्राको पोलैंड का दूसरा सबसे बड़ा शहर है और राजधानी वारसॉ से करीब 250 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है। यह शहर अपने ऐतिहासिक स्थलों और पर्यटन के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है।
बाजार जैसे सार्वजनिक स्थान पर हुई इस गोलीबारी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस हमले के कारणों, आरोपी की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

