दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। पुलिस ने पिपरिया के इलेक्ट्रॉनिक्स व्यापारी सचिन जायसवाल से 5 लाख की फिरौती मांगने और उनकी दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग करने वाले अंतर जिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक अंग्रेजी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। 

यह पूरी वारदात बड़वानी जेल में बंद कुख्यात बदमाश रज्जू पूर्विया के इशारे पर रची गई थी। रज्जू ने जेल से ही जीतू ठाकुर नाम के बदमाश को पिपरिया के व्यापारियों को डरा-धमकाकर वसूली करने का जिम्मा सौंपा था। जीतू ठाकुर और आमिर खान, जो पहले अशोकनगर जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे थे, ने मिलकर इस रंगदारी गिरोह को तैयार किया। वारदात के लिए 40,000 में पिस्टल नर्मदापुरम के शाहिद खान उर्फ भूरा कबाड़ी से खरीदी गई थी।

बीते 15 मई 2026 को आरोपी आमिर खान ने व्यापारी सचिन जायसवाल की दुकान में घुसकर रज्जू पूर्विया के नाम की गुलाबी रंग की पर्ची थमाई और 5 लाख की मांग की। विरोध करने पर बदमाशों ने दुकान पर कई राउंड फायर किए। पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस थोटा के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने रायसेन, भोपाल और नर्मदापुरम समेत कई ठिकानों पर दबिश देकर जीतू उर्फ जितेंद्र राजपूत, आमिर खान और शाहिद उर्फ भूरा कबाड़ी को गिरफ्तार कर लिया।

इस बड़ी कार्रवाई के दौरान पुलिस के हाथ एक और बड़ी सफलता लगी। दबिश के दौरान मुख्य आरोपी जीतू ठाकुर का सगा भाई बीरू उर्फ वीरेंद्र राजपूत भी पकड़ा गया, जो वर्ष 2005 से 4 स्थाई वारंटों में फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल शेष 4 आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार छापे मार रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m