हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश में इस सीजन स्वाइन फ्लू से पहली मौत का मामला सामने आया है। इंदौर के कोकिलाबेन अस्पताल में इलाज के दौरान 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका उज्जैन की रहने वाली थीं। स्वास्थ्य विभाग ने महिला के H1N1 संक्रमण से संक्रमित होने की पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक, 31 जुलाई को महिला सरोज नागर की तबीयत बिगड़ी थी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। 3 अगस्त को जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। इसके बाद महिला का कोकिलाबेन अस्पताल में इलाज जारी रहा, लेकिन करीब 16 दिन तक चले इलाज के बाद उनकी मौत हो गई।
स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी
स्वाइन फ्लू से पहली मौत सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट हो गया है। विभाग ने मामले की निगरानी बढ़ा दी है और संक्रमण को लेकर आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग अब मरीज के संपर्क में आए लोगों और संबंधित परिस्थितियों पर भी नजर रख रहा है, ताकि संक्रमण के संभावित प्रसार को समय रहते रोका जा सके।
इस सीजन की पहली मौत से बढ़ी चिंता
मध्य प्रदेश में इस सीजन H1N1 संक्रमण से हुई पहली मौत ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। खासतौर पर बदलते मौसम के बीच लोगों को फ्लू जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करने और समय पर जांच व इलाज कराने की सलाह दी जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

