हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर में खाद्य सुरक्षा को लेकर खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। भोलाराम उस्ताद मार्ग स्थित एक बिरयानी सेंटर को बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित होने पर सील कर दिया गया। कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन पर मिली शिकायत के बाद की गई।

बिना लाइसेंस चल रहा था सेंटर

खाद्य विभाग की टीम जब मौके पर पहुंची तो सेंटर पर वेज बिरयानी, इडली-सांभर और उपमा तैयार किया जा रहा था। जांच के दौरान सेंटर संचालक मौके पर खाद्य लाइसेंस पेश नहीं कर सका। इसके अलावा पानी की जांच से संबंधित रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल की रिपोर्ट भी मौके पर नहीं मिली। खाद्य सुरक्षा से जुड़े जरूरी दस्तावेज नहीं मिलने पर विभाग ने सेंटर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया।

बिरयानी में मिला अजीनोमोटो

जांच के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने तैयार वेज बिरयानी का सैंपल भी लिया है। मौके पर तैयार की जा रही बिरयानी में अजीनोमोटो का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। अब सैंपल को जांच के लिए भेजा जाएगा।

अलग-अलग आउटलेट पर भेजा जाता था खाना

जानकारी के मुताबिक, भोलाराम उस्ताद मार्ग स्थित इस सेंटर में तैयार होने वाला खाना सर्वानंद नगर सहित अलग-अलग आउटलेट पर भेजा जाता था। ऐसे में विभाग अब यह भी जांच कर रहा है कि यहां तैयार भोजन किन-किन स्थानों पर सप्लाई किया जा रहा था।

सैंपल रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

फिलहाल खाद्य विभाग ने सेंटर को सील कर दिया है। वेज बिरयानी के लिए गए सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के बाद अब सवाल यह है कि बिना जरूरी लाइसेंस और दस्तावेजों के सेंटर में लंबे समय से खाद्य सामग्री कैसे तैयार और सप्लाई की जा रही थी।

क्या है अजीनोमोटो

आपके मन भी यह सवाल आ रहा होगा कि ये अजीनोमोटो (Ajinomoto) क्या है? तो आइए हम आपको बताते है… अजीनोमोटो का रासायनिक नाम मोनोसोडियम ग्लूटामेट (Monosodium Glutamate, MSG) है। जो सफेद रंग के छोटे क्रिस्टल या पाउडर जैसा दिखाई देता है। यह खाने में एक अलग तरह के नमकीनपन और स्वादिष्ट स्वाद को जोड़ता है। इसे गन्ने या टैपिओका जैसी चीजों से फर्मेंटेशन प्रक्रिया से बनाया जाता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m