हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर के आजाद नगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ गणेश उत्सव के जुलूस के दौरान DJ पर नाचने की बात को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सिरफिरे आरोपी ने दो नाबालिगों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिसमें से एक नाबालिग की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
DJ पर नाचने की बात पर शुरू हुआ था विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, तेजाजी नगर इलाके के रहने वाले दो नाबालिग गणेश उत्सव के जुलूस में शामिल होने आजाद नगर पहुँचे थे। जुलूस के दौरान DJ पर नाचने की बात को लेकर कुणाल नामक युवक से उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी कुणाल ने गुस्से में आकर हथियार निकाल लिया।
सीने पर किया चाकू से वार, बचाने आया दोस्त भी घायल
विवाद के दौरान आरोपी कुणाल ने कृष्णा पवार नामक नाबालिग के सीने पर चाकू से जानलेवा वार कर दिया। कृष्णा को बचाने जब उसका दोस्त साहिल आगे आया, तो आरोपी ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया। हमले में कृष्णा गंभीर रूप से जख्मी होकर गिर पड़ा, जिसे अस्पताल ले जाया गया जहाँ उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल साहिल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही आजाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार आरोपी कुणाल की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



