चंकी बाजपेयी, इंदौर। एमपी की आर्थिक राजधानी इंदौर से चोरी की एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। महाराष्ट्र से अपनी बेटी के साथ ट्रेन का सफर कर रेलवे स्टेशन पर उतरे व्यक्ति का सोने-चांदी से भरा लाखों रुपए का कीमती बैग चोरी हो गया। वारदात को इतने शातिर तरीके से अंजाम दिया गया कि शख्स को इसकी भनक तक नहीं पड़ी। पूरे मामले में लसूडिया पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है।
एसीपी पराग सैनी के अनुसार पवन सिंह नामक शख्स ने थाने पर शिकायत की थी जिसमें उन्होंने बताया था कि वह अपनी बेटी के साथ स्कीम नंबर 78 में आ रहे थे। रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद उन्होंने शेयरिंग में ई रिक्शा की थी। उसी में उनका बैग भी रखा हुआ था लेकिन जब वह घर पर उतरे तो उनके जिस बैग में सोने-चांदी के 10-12 तोला जेवरात थे वह गायब थे। इनकी अनुमानित कीमत 14 से 15 लाख रुपए है।
शख्स तत्काल थाने पहुंचा और पुलिस से इसकी शिकायत की। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि जब पीड़ित ट्रेन से उतरा और ई रिक्शा की, उसके बाद चलती ई रिक्शा में चोरी कैसे हो गई ? क्योंकि ई-रिक्शा भी इतनी बड़ी नहीं होती है कि उसमें बैग कहीं और रखा जाए। इन्हीं तमाम तथ्यों की अब पुलिस पूरी पड़ताल पर लग गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा होने की बात भी कही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


