हेमंत शर्मा, इंदौर। नवरात्रि के पावन अवसर पर सभी देवी मां की आराधना करते हैं। लेकिन मध्य प्रदेश के इंदौर से भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल चौहान पर नेतागिरी ऐसी सवार हुई कि गरबा पंडाल में ही एक नाबालिग बच्ची का हाथ पकड़कर उसे धक्का देकर वहां से भगा दिया और मारपीट की धमकी भी दी। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
दरअसल, नाबालिग अपने परिवार के साथ कनकेश्वरी गरबा उत्सव के कार्यक्रम में गई थी। बताया जा रहा है कि वहां पहुंचने पर उसे अंदर जाने से रोक दिया गया, जिसके बाद लड़की और कार्यक्रम के आयोजकों के बीच तीखी बहस हो गई। इसके बाद राजमाता जीजाबाई मंडल अध्यक्ष कमल चौहान ने लड़की और उसके परिजन के साथ बहुत बुरा बर्ताव किया, उसे जोर से धक्का दिया और उसे मारने की धमकी भी दी।
वहां मौजूद एक शख्स ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में लड़की को “मुझे मत छुओ” कहते हुए सुना जा सकता है। नाबालिग को गरबा पंडाल में धक्का देने और मारपीट के मामले में भाजपा नेता कमल चौहान के खिलाफ अपराध दर्ज हो गया है। हीरानगर पुलिस ने उन पर पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

