चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां दो युवतियों के बीच विवाद हुआ। जिसमें एक युवती के गले का नेकलेस टूट गया। इसके बाद बॉयफ्रेंड ने गर्लफ्रेंड का नेकलेस तोड़ने वाली युवती की गाड़ी में आग लगवा दी। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। यह पूरा मामला पंढरीनाथ थाना क्षेत्र का है।

डीसीपी नरेंद्र रावत के मुताबिक, पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में रहने वाली युवती ने शिकायत की थी। जिसमें बताया कि उसके घर के बाहर खड़ी एक्टिवा गाड़ी में आगाजनी की घटना घटित हुई। पुलिस ने आसपास लगे हुए सीसीटीवी और सबूत के आधार पर जांच पड़ताल शुरू की तो पता चला कि जिस युवती ने शिकायत की है, उसका पिछले दिनों एक अन्य युवती के साथ विवाद हुआ था।

बॉयफ्रेंड ने नेकलेस टूटने का लिया बदला

इस दौरान युवती के गले में पहना हुआ नेकलेस टूट गया था। विवाद को लेकर युवती के बॉयफ्रेंड राज ने बदला लेने की ठान ली थी और इसके बाद स्वयं के यहां पर काम करने वाले कर्मचारी के साथ मिल दो युवक रमजान और एक नाबालिग लड़के से संपर्क किया और पूरी योजना बनाई।

रेकी के बाद लगाई आग

इसके बाद फरियादी युवती के घर के आसपास की रेकी की गई और मौका देखकर रात में आगजनी की वारदात को अंजाम दिया गया। मामले में पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया है, जांच पड़ताल की जा रही है। साथ ही राज पर पुराने आपराधिक रिकार्ड भी दर्ज बताए गए, जिसमें मारपीट, दुष्कर्म और अन्य प्रकरण दर्ज है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m