हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां कन्या भोज के लिए एक घर गईं 7 मासूम बच्चियों के साथ मारपीट करने और उन्हें गंभीर रूप से प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से बच्चियों के परिजनों में भारी आक्रोश है और वे न्याय की मांग को लेकर थाने पहुंचे।
शहनाई रेसिडेंसी के फ्लैट नंबर 303 की घटना
मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना इंदौर की शहनाई रेसिडेंसी के फ्लैट नंबर 303 में हुई। सातों बच्चियां कन्या भोज के लिए इस फ्लैट में गई हुई थीं। इसी दौरान फ्लैट की एक रिटायर्ड महिला टीचर ने उन पर चोरी का आरोप लगा दिया। आरोप है कि महिला ने न सिर्फ बच्चियों पर चोरी का शक जताया, बल्कि उनके साथ मारपीट भी की।
कपड़े उतारकर पीटने का गंभीर आरोप
मामले में परिजनों ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि महिलाओं ने बच्चियों के साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए उनके कपड़े उतारकर भी उनकी पिटाई की। इस खौफनाक और अपमानजनक घटना की जानकारी मिलने के बाद बच्चियों के परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
थाने में हंगामा
घटना के तुरंत बाद डरी-सहमी सातों बच्चियों को लेकर उनके परिजन थाने पहुंचे और आरोपी महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत और आरोपों को गंभीरता से लिया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

