हेमंत शर्मा, इंदौर। इंदौर नेमावर रोड स्थित ग्राम असरावद बुजुर्ग के किसान विजय सिंह आत्महत्या मामले में अब पुलिस की जांच तेज होती नजर आ रही है। मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी निलेश गुर्जर पर खुड़ैल पुलिस इनाम घोषित करने की तैयारी कर रही है। वहीं जांच के दायरे में आए कांग्रेस नेता और पूर्व जनपद अध्यक्ष राम सिंह पारिया से भी जल्द पूछताछ की जा सकती है।

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को निलेश गुर्जर की तलाश में अब तक सफलता नहीं मिली है। अदालत से राहत नहीं मिलने और लगातार फरार रहने के चलते पुलिस उसके खिलाफ इनाम घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर रही है, ताकि उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।

कांग्रेस नेता से होगी पूछताछ!

वहीं किसान विजय सिंह की मां माया बाई और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद पुलिस अब मामले से जुड़े सभी पक्षों के बयान दर्ज कर रही है। इसी क्रम में कांग्रेस नेता और पूर्व जनपद अध्यक्ष राम सिंह पारिया से भी पूछताछ किए जाने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

अलग-अलग स्तर पर जांच

बताया जा रहा है कि विजय सिंह आत्महत्या मामले में जमीन विवाद, कथित आर्थिक लेनदेन और दबाव बनाने के आरोपों की अलग-अलग स्तर पर जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आत्महत्या से पहले किन परिस्थितियों में विवाद बढ़ा और किन लोगों की भूमिका सामने आती है।

कांग्रेस नेता पर मामला हो सकता है दर्ज

सूत्रों का कहना है कि यदि पूछताछ और जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य सामने आते हैं तो कांग्रेस नेता और पूर्व जनपद अध्यक्ष राम सिंह पारिया के खिलाफ भी मामला दर्ज किया जा सकता है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल जांच जारी है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की बारीकी से जांच की जाएगी।

निष्पक्ष जांच की मांग

वहीं किसान विजय सिंह के परिजन लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। परिवार का कहना है कि जब तक सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा।

बड़ा सवाल

फरार निलेश गुर्जर पर इनाम घोषित होने के बाद क्या पुलिस उसे गिरफ्तार कर पाएगी? और क्या जांच की आंच अब कांग्रेस नेता एवं पूर्व जनपद अध्यक्ष राम सिंह पारिया तक भी पहुंचेगी? पूरे मामले पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m