हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में माइक्रोफाइनेंस और एडवाइजरी कंपनी की आड़ में लोगों से करोड़ों रुपये का निवेश जुटाने का खेल खुलेआम चलने का आरोप सामने आया है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यह पूरा कारोबार द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में संचालित होने का दावा किया जा रहा है लेकिन स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी, या फिर सब कुछ जानते हुए भी कार्रवाई नहीं की गई?
Lalluram.com की टीम ने पूरे मामले की सच्चाई जानने के लिए स्टिंग ऑपरेशन किया। इस स्टिंग में बृजभान सिंह नाम का व्यक्ति कैमरे पर निवेश की स्कीम समझाते हुए नजर आया। बातचीत में उसने सालाना 30 प्रतिशत तक मुनाफा देने, लाखों रुपये के निवेश पर चेक और प्रॉपर्टी के दस्तावेज देने तथा बड़े लोगों के निवेश का दावा किया।
15 लाख लगाओ… 30 प्रतिशत मुनाफा पाओ
स्टिंग ऑपरेशन के दौरान हमारे संवाददाता हेमंत शर्मा ने खुद को एक मोबाइल सर्विस सेंटर संचालक बताते हुए निवेश करने की इच्छा जताई। इसके बाद बृजभान सिंह ने बिना किसी हिचकिचाहट के कहा कि यदि 15 लाख रुपये निवेश किए जाते हैं तो कंपनी सालाना 30 प्रतिशत तक का रिटर्न देगी। उसने यह भी कहा कि निवेश की सुरक्षा के लिए कंपनी चेक भी उपलब्ध कराएगी।
यहीं से कई गंभीर सवाल खड़े हो जाते हैं। आखिर कोई कंपनी इतनी ऊंची ब्याज दर या मुनाफे का दावा किस आधार पर कर रही है? क्या इसके लिए उसके पास किसी नियामक संस्था की अनुमति है?
30 लाख के निवेश पर प्रॉपर्टी के कागज देने का दावा
बातचीत आगे बढ़ी तो बृजभान सिंह ने दावा किया कि यदि कोई व्यक्ति 30 लाख रुपये निवेश करता है तो सुरक्षा के तौर पर उसे प्रॉपर्टी के दस्तावेज भी दिए जाएंगे।
यानी निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए चेक और प्रॉपर्टी दोनों का सहारा लिया जा रहा है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया गया कि यह व्यवस्था किस कानूनी प्रावधान के तहत की जा रही है।
पुलिसकर्मियों, जजों और कारोबारी का नाम लेकर भरोसा दिलाने की कोशिश
स्टिंग के दौरान बृजभान सिंह ने दावा किया कि उसकी कंपनी में कई पुलिसकर्मियों, न्यायिक अधिकारियों और सुपर कॉरिडोर स्थित एक होटल संचालक का भी पैसा लगा हुआ है। हालांकि उसने किसी का नाम बताने से इनकार कर दिया।
10 करोड़ के फंड और शेयर-क्रिप्टो में निवेश का दावा
बृजभान सिंह ने बातचीत में दावा किया कि उसके पास करीब 10 करोड़ रुपये का फंड रहता है। उसने कहा कि वह लोगों का पैसा शेयर मार्केट और क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करता है। उसके अनुसार करीब एक करोड़ रुपये ट्रेडिंग में लगाए जाते हैं जबकि बाकी राशि सर्कुलेशन में रहती है। अब सवाल यह है कि यदि शेयर बाजार में भारी गिरावट आ जाए या क्रिप्टोकरेंसी में नुकसान हो जाए तो निवेशकों की रकम की जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या निवेशकों को किसी प्रकार की कानूनी सुरक्षा प्राप्त है?
सूत्रों का दावा- 15 दिन इंदौर, फिर उत्तराखंड रवाना
सूत्रों के अनुसार बृजभान सिंह मूल रूप से उत्तराखंड का रहने वाला है। आरोप है कि वह कुछ दिन इंदौर में रहकर निवेश का काम देखता है और फिर उत्तराखंड लौट जाता है। इस दौरान द्वारकापुरी स्थित कार्यालय में रोजाना दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक कलेक्शन किया जाता है। आरोप यह भी है कि कलेक्शन के बाद रकम अपने साथ ले जाई जाती है। पैसा कहां जमा होता है, किस खाते में जाता है और उसका उपयोग कैसे किया जाता है, इसकी कोई सार्वजनिक जानकारी उपलब्ध नहीं है।
युवाओं को दिया जाता है निवेशक लाने का टारगेट
सूत्रों का दावा है कि कंपनी से जुड़े युवाओं को अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का लक्ष्य दिया जाता है। जो जितना अधिक निवेश लेकर आता है, उसे उतना अधिक कमीशन दिया जाता है। यानी पूरा नेटवर्क नए निवेशकों के जरिए आगे बढ़ता है।
हाई कोर्ट एडवोकेट कृष्ण कुमार कुनेरे ने क्या कहा?
हाई कोर्ट एडवोकेट कृष्ण कुमार कुनेरे का कहना है कि यदि कोई संस्था जनता से निवेश स्वीकार कर रही है तो उसे संबंधित कानूनों और नियामक संस्थाओं के नियमों का पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि यदि बिना वैधानिक अनुमति के लोगों से पैसा लेकर ऊंचे मुनाफे का लालच दिया जा रहा है, तो शिकायत मिलने पर पुलिस और संबंधित एजेंसियां कानूनी कार्रवाई कर सकती हैं।
बड़ा सवाल… पुलिस कब जागेगी? सबसे गंभीर सवाल स्थानीय पुलिस से है।
अगर द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में इस तरह की कंपनी संचालित हो रही थी, लोगों से निवेश लिया जा रहा था, लाखों रुपये का लेन-देन हो रहा था, तो क्या पुलिस को इसकी जानकारी नहीं थी? या फिर कार्रवाई का इंतजार उस दिन तक किया जाएगा, जब कोई कंपनी करोड़ों रुपये लेकर फरार हो जाएगी और निवेशक अपनी जमा-पूंजी गंवाने के बाद थानों के चक्कर काटते नजर आएंगे? फिलहाल इस पूरे मामले में संबंधित कंपनी और बृजभान सिंह का पक्ष जानने के लिए उनसे फोन पर जब बात की तो उन्होंने कहा कि 10 जुलाई के बाद वह इंदौर आएंगे उसके बाद चर्चा करेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

