हेमंत शर्मा, इंदौर। इंदौर में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। शहर की छात्राओं ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और साफ कहा कि कॉलेज तक पहुंचना और वापस घर लौटना अब उनके लिए रोज की चुनौती बन गया है। छात्राओं का कहना है कि शहर में हजारों बेटियां पढ़ाई तो कर रही हैं, लेकिन खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करतीं।
10 हजार छात्राएं पढ़ती हैं… लेकिन सुरक्षा कहां?
ज्ञापन में छात्रों ने कहा कि कलेक्टर कार्यालय के आसपास स्थित स्कूलों और कॉलेजों में करीब 10 हजार छात्राएं पढ़ाई करती हैं। छुट्टी के समय कॉलेजों के बाहर असामाजिक तत्वों की भीड़ लग जाती है और छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आती हैं। छात्राओं का आरोप है कि कई बार बाइक सवार युवक पीछा करते हैं, फब्तियां कसते हैं और अश्लील हरकतें करते हैं।
कोई दुपट्टा खींचता है… कोई अश्लील हरकत करता है
छात्राओं ने खुलकर अपनी पीड़ा बयां करते हुए कहा कि कई बार मनचले उनका दुपट्टा खींच देते हैं। कुछ युवक अश्लील हरकतें करते हैं और शरीर के निजी अंग दिखाकर अभद्र व्यवहार करते हैं। छात्राओं का कहना है कि हर दिन इसी डर के साथ कॉलेज आना-जाना पड़ता है।
पहले भी चप्पलों से सिखाया था सबक
छात्राओं ने बताया कि यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी छेड़छाड़ करने वाले एक मनचले की छात्राओं ने चप्पलों से पिटाई की थी, लेकिन उसके बाद भी हालात नहीं बदले। उनका कहना है कि कार्रवाई के बावजूद मनचलों के हौसले कम नहीं हुए हैं।
घर वालों को पता चला तो पढ़ाई छूट जाएगी
सबसे दर्दनाक बात छात्राओं ने यह कही कि वे अपने परिवार को भी पूरी सच्चाई नहीं बता पातीं। उनका कहना है कि अगर परिजनों को रोज होने वाली छेड़छाड़ और असुरक्षा की जानकारी मिल गई, तो कई परिवार बेटियों की पढ़ाई ही बंद कर देंगे। यानी बेटियां सिर्फ मनचलों से नहीं, बल्कि अपना भविष्य छिन जाने के डर से भी खामोश रहने को मजबूर हैं।
छात्राओं की मांग
छात्राओं ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल, कॉलेज और छात्रावासों के आसपास स्थायी पुलिस व्यवस्था की जाए।
संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
मनचलों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई हो।
छात्राओं की सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस गश्त और हेल्प डेस्क बनाई जाए।
अब प्रशासन की परीक्षा
छात्राओं ने अपनी बात प्रशासन तक पहुंचा दी है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या बेटियों की सुरक्षा को लेकर सिर्फ आश्वासन मिलेगा या फिर ऐसा इंतजाम होगा जिससे छात्राएं बिना डर के कॉलेज जा सकें और अपने सपनों की पढ़ाई पूरी कर सकें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

