चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर के होलकर स्टेडियम में आगामी 11 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जाने वाले हाई-वोल्टेज अंतरराष्ट्रीय T20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस में जबर्दस्त उत्साह है। हालांकि, फैंस की इसी दीवानगी का फायदा उठाने के लिए अब साइबर अपराधी भी पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं। मैच के सभी आधिकारिक टिकट पहले ही बिक चुके हैं, लेकिन ठग फर्जी वेबसाइटों और लिंक के जरिए सस्ते व कंफर्म टिकट देने का झांसा देकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं।
25 सितंबर को ही फुल हो चुकी हैं सभी सीटें
इंदौर पुलिस और इंदौर क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भारत-वेस्टइंडीज T20 मैच के लिए ऑफलाइन और ऑनलाइन, दोनों ही माध्यमों से टिकटों की बिक्री 25 सितंबर को ही पूरी हो चुकी है। वर्तमान में आधिकारिक रूप से कोई भी टिकट बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं है। इसके बावजूद इंटरनेट और सोशल मीडिया पर कई फर्जी डोमेन और वेबसाइटें धड़ल्ले से एक्टिव हैं, जो दर्शकों को टिकट बुक करने का दावा कर चूना लगा रही हैं।
फर्जी वेबसाइटों के झांसे में आकर रुपये गंवाने वाले कुछ पीड़ितों ने इंदौर साइबर क्राइम ब्रांच में पहुंचकर लिखित शिकायतें दर्ज कराई हैं। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने फर्जी यूआरएल और ठगी करने वाले संदिग्ध पोर्टल्स को ट्रेस कर उन्हें ब्लॉक और बंद कराने की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस की अपील- अज्ञात लिंक पर न करें पेमेंट
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि 11 अक्टूबर के अंतरराष्ट्रीय T20 मैच को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने जनता से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा: 25 सितंबर के बाद से आधिकारिक तौर पर टिकटों की बिक्री पूरी तरह बंद हो चुकी है। यदि कोई व्यक्ति, व्हाट्सएप ग्रुप या वेबसाइट आपको इस मैच के टिकट दिलाने का दावा कर रही है, तो वह पूरी तरह फर्जी है। नागरिक किसी भी अनधिकृत वेबसाइट या फर्जी पेमेंट लिंक पर पैसे ट्रांसफर न करें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


