हेमंत कुमार, इंदौर। होलकर स्टेडियम में आगामी 11 अक्टूबर को खेले जाने वाले भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 (T-20) मैच को लेकर प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। टिकटों की मांग का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) द्वारा स्टूडेंट्स और दिव्यांगों के लिए खोला गया रियायती टिकट कोटा महज 1 मिनट के भीतर फुल हो गया।
1 मिनट में खत्म हुआ कोटा, 1200 से अधिक रजिस्ट्रेशन
बुधवार दोपहर 12 बजे जैसे ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की विंडो खुली, टिकट बुक कराने के लिए फैंस की होड़ मच गई। 1,000 आरक्षित टिकटों के लिए महज 1 मिनट के भीतर 1,200 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। स्टूडेंट कैटेगरी में रियायती टिकट की कीमत 950 और 1,200 रुपये रखी गई है।
वहीं दिव्यांगों के लिए आरक्षित 40 टिकटों के मुकाबले 55 रजिस्ट्रेशन दर्ज किए गए। दिव्यांग कोटे के टिकट की कीमत 400 रुपये तय की गई है। अब MPCA अब प्राप्त आवेदनों और दस्तावेजों की जांच करेगा। इसके बाद केवल पात्र छात्रों और दिव्यांगों को ही टिकट खरीदने का डायरेक्ट लिंक भेजा जाएगा।
25 सितंबर से शुरू होगी सामान्य टिकटों की बिक्री
विशेष कोटे के टिकट खत्म होने के बाद अब क्रिकेट प्रेमियों को सामान्य टिकटों की बिक्री का इंतजार है। आम प्रशंसकों के लिए सामान्य टिकटों की ऑनलाइन बिक्री 25 सितंबर की सुबह 6:00 बजे से शुरू होगी। बता दें कि इंदौर का होलकर स्टेडियम हाई-स्कोरिंग मुकाबलों के लिए जाना जाता है, ऐसे में 11 अक्टूबर को होने वाले इस टी-20 मैच के लिए टिकटों की भारी मारामारी रहने की उम्मीद है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



