चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश के अपने खास और बेबाक अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का एक बार फिर बेहद संवेदनशील और अनूठा रूप देखने को मिला है। दीपावली के पावन पर्व पर हमेशा की तरह इस वर्ष भी मंत्री विजयवर्गीय ने अपनी व्यस्तताओं से वक्त निकालकर आस्था वृद्ध आश्रम और कल्याण मित्र समिति के बैनर तले आयोजित दीपावली महापर्व अपनों के संग कार्यक्रम में शिरकत की। यहां उन्होंने किसी प्रोटोकॉल के बिना दिव्यांग बच्चों और वृद्ध आश्रम के बुजुर्गों के साथ जमकर गीतों की महफिल सजाई और अंताक्षरी खेली।

ये भी पढ़ें: MP में शीतकालीन सत्र से पहले सियासी संग्राम, उमंग सिंघार बोले- जनता के सवालों से भाग रही सरकार; BJP ने दिया जवाब

श्री राम की धुन पर झूमे, दिव्यांग बच्चियों ने मारी बाजी

कार्यक्रम के दौरान बच्चों और बुजुर्गों के साथ अंताक्षरी का एक रोमांचक मुकाबला हुआ। आश्रम में रहने वाले दिव्यांग बच्चों की दो अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं, एक टीम का नेतृत्व दिव्यांग बच्ची गीता कर रही थीं, तो दूसरी टीम की कमान रश्मि के हाथ में थी। इसके अलावा वृद्ध आश्रम के बुजुर्गों की भी एक अलग टीम मैदान में थी। इस अनोखे मुकाबले में फिल्मी गीतों के साथ-साथ देशभक्ति और पारंपरिक धार्मिक गीत भी गूंजे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी पूरी ऊर्जा के साथ गीतों में भाग लिया और विशेष रूप से भगवान श्री राम की धुन पर गाए गए गीतों पर सभी का दिल जीत लिया।

‘बच्चों की खुशी के आगे मैं हार स्वीकार करता हूं’: कैलाश विजयवर्गीय

मुकाबला काफी दिलचस्प रहा, लेकिन अंत में दिव्यांग बच्चों और बुजुर्गों के उत्साह व कला के आगे कैबिनेट मंत्री ने मुस्कुराते हुए खुद को हारा हुआ घोषित कर दिया। मंत्री विजयवर्गीय ने बड़े ही आत्मीय अंदाज में कहा कि इन दिव्यांग बच्चों और बुजुर्गों के चेहरे पर खुशी देखकर मेरा मन प्रसन्न हो जाता है, और इनके इस अनमोल आनंद के आगे मैं अपनी हार स्वीकार करता हूं।

ये भी पढ़ें: दिलजीत के इंदौर कॉन्सर्ट पर प्रशासन का शिकंजा ! गानों से लेकर बंदूक की गोलियों वाली बेल्ट तक पर आपत्ति, बच्चों को स्टेज पर बुलाने पर भी रोक की मांग

कार्यक्रम के अंत में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सभी दिव्यांग बच्चों और वृद्धजनों को दीपावली के विशेष उपहार और मिठाइयां भेंट कीं। बच्चों और बुजुर्गों के बीच बैठकर दीपावली की खुशियां साझा करने का यह अनूठा और भावनात्मक दृश्य हर किसी के चेहरे पर मुस्कान ले आया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m