हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के खुड़ैल थाना क्षेत्र में एक ऐसा हाई-वोल्टेज और खौफनाक ड्रामा सामने आया है जिसने कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ा कर रख दी हैं। यहां किसी नामी गैंग ने नहीं बल्कि महिलाओं की एक टोली ने हाथों में लाठी-डंडे और हथियार लेकर एक घर पर धावा बोल दिया। तोड़फोड़ और मारपीट का यह खूनी खेल सरेआम सड़क से लेकर घर के अंदर तक खेला गया। घबराए परिजनों ने खुद को कमरों में बंद कर जैसे-तैसे अपनी जान बचाई और इस पूरी ‘लेडी डॉन’ स्टाइल वारदात का वीडियो मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

रास्ते में रोका, फिर लाठी-डंडों से सूत दिया!

इस पूरे फसाद की जड़ पुरानी रंजिश बताई जा रही है, जिसकी शुरुआत रास्ते से हुई। फरियादी आसिफ पटेल जब अपने किसी काम से ‘आठमिल’ की तरफ जा रहा था, तभी विरोधी गुट ने उसे रास्ते में ही दबोच लिया। पुरानी दुश्मनी का बदला लेने के लिए आरोपियों ने लाठी-डंडों से आसिफ की सरेआम पिटाई कर दी।

बात यहीं खत्म नहीं हुई। रास्ते में मारपीट के कुछ देर बाद आरोपी अफसर पटेल के घर की महिलाएं लाठी, डंडे और धारदार हथियार हाथों में लहराती हुई आसिफ के घर में जबरन घुस गईं।

घर का कबाड़ा किया, बाहर खड़ी कार के भी तोड़े कांच

हथियारबंद महिलाओं ने घर में घुसते ही तांडव मचाना शुरू कर दिया, जिसे देखकर परिवार के हाथ-पांव फूल गए। महिलाओं का आक्रामक रूप देखकर जान बचाने के लिए परिजनों ने खुद को घर के अंदर एक कमरे में बंद कर लिया।

कमरों में बंद पीड़ितों के सामने ही महिलाओं ने घर में रखे कीमती सामान की तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं उनका गुस्सा बाहर खड़ी कार पर भी फूटा और लाठियां मारकर कार के सारे कांच चकनाचूर कर दिए। घबराए परिवार ने अंदर से ही इस पूरी तबाही का वीडियो बना लिया।

अफसर पटेल समेत 9 पर केस दर्ज, पुलिस तलाश में जुटी

घटना का वीडियो सामने आने और मामले के तूल पकड़ने के बाद अब पुलिस एक्शन मोड में आई है। पीड़ित आसिफ पटेल की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर खुड़ैल थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी अफसर पटेल समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने वीडियो को अपने कब्जे में ले लिया है और हाथों में हथियार लेकर गुंडागर्दी करने वाली महिलाओं समेत सभी फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें रवाना कर दी हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m