हेमंत शर्मा, इंदौर। इंदौर के विधानसभा क्षेत्र-2 के वार्ड क्रमांक 33 और 29 के बीजेपी मंडल अध्यक्ष पृथ्वी गोरे के जन्मदिन समारोह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें कुछ लोग रॉयल एनफील्ड बुलेट से लगातार पटाखे फोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह सिलसिला करीब 10 से 15 मिनट तक चलता रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जन्मदिन के मौके पर ढोल-नगाड़ों के साथ समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया। इस दौरान तेज आवाज और लगातार हो रहे शोर से आसपास की कॉलोनी के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय इस तरह का शोर लंबे समय तक चलता रहा, जिससे बुजुर्गों, बच्चों और अन्य रहवासियों को दिक्कत हुई।
सोशल मीडिया पर उठ रहे सवाल
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि यदि आम नागरिक इस तरह सार्वजनिक स्थान पर वाहन से पटाखे फोड़ते हुए मिले होते तो क्या पुलिस इतनी ही खामोश रहती? कई यूजर्स इसे नियमों की अनदेखी बताते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस कार्रवाई पर सबकी नजर
फिलहाल इस मामले में पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान या कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, वायरल वीडियो के बाद यह चर्चा जरूर तेज हो गई है कि क्या इस मामले की जांच होगी और यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

