हेमंत शर्मा/चंकी वाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इंदौर पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज में पदस्थ प्रधान आरक्षक चालक फिरोज खान के ठिकानों पर लोकायुक्त की टीम ने एक साथ ताबड़तोड़ छापे मारे हैं। इस कार्रवाई के दौरान उसकी आय से 223 प्रतिशत अधिक संपत्ति का बड़ा खुलासा हुआ है।
15 अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ दबिश
लोकायुक्त इंदौर और उज्जैन की संयुक्त टीमों ने बुधवार सुबह करीब 6 बजे से इंदौर और देवास में लगभग 15 अलग-अलग लोकेशन पर एक साथ सर्चिंग शुरू की। शुरुआती जांच में फिरोज खान के पास से 6 करोड़ 26 लाख रुपए से अधिक की बेनामी और आय से अधिक संपत्ति का पता चला है। लोकायुक्त की यह कार्रवाई देवास स्थित उसके आवास से लेकर इंदौर के महंगे फ्लैट्स और कृषि भूमि तक लगातार जारी है।

पत्नी, मां और परिचितों के नाम पर संपत्तियां
लोकायुक्त जांच में यह बात सामने आई है कि प्रधान आरक्षक ने अपनी अवैध कमाई को छिपाने के लिए बड़े पैमाने पर हेरफेर किया है। आरोप है कि उसने अपनी पत्नी, मां और एक परिचित महिला के नाम पर कई संपत्तियां खरीद रखी हैं। इसके अलावा, करोड़ों रुपए के लेनदेन से जुड़ी एक संदिग्ध फर्म भी जांच के दायरे में आई है, जिसकी फाइलों को खंगाला जा रहा है। लोकायुक्त के अधिकारी् दस्तावेजों और संपर्कों की गहनता से जांच कर रहे हैं ताकि इस अवैध साम्राज्य से जुड़े हर एक राज से पर्दा उठाया जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

