हेमंत शर्मा, इंदौर। नीम करौली बाबा और हनुमान जी के स्वरूप पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को दर्शकों का जबर्दस्त प्रतिसाद मिल रहा है। सनातन संस्कृति से जुड़ी इस फिल्म को लेकर इंदौर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 3 से भाजपा विधायक गोलू शुक्ला ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा है। पत्र के जरिए उन्होंने फिल्म ‘हनुमान अंश’ को मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री करने की मांग की है।
विधायक गोलू शुक्ला का कहना है कि यह फिल्म भगवान हनुमान जी के स्वरूप और सनातन संस्कृति के महत्व को बेहद खूबसूरती से दर्शाती है। इसे समाज के हर वर्ग, विशेषकर आम और गरीब लोग आसानी से देख सकें, इसके लिए राज्य सरकार को इसे तत्काल टैक्स फ्री करना चाहिए।
बढ़े हुए टिकट दर पर जताई नाराजगी
फिल्म की लोकप्रियता और इसकी पब्लिसिटी को देखते हुए सिनेमाघर (थिएटर) संचालकों ने टिकट के दाम बढ़ा दिए हैं। टिकट के बढ़े हुए दामों पर विधायक गोलू शुक्ला ने सख्त ऐतराज जताते हुए इसे गलत ठहराया है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और आस्था से जुड़ी फिल्मों का लाभ हर नागरिक को मिलना चाहिए, न कि इसका व्यावसायिक फायदा उठाया जाए।
जनता के लिए आयोजित होगा विशेष शो
विधायक गोलू शुक्ला ने घोषणा की है कि गुरुवार (10 तारीख) को विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 3 की जनता के लिए फिल्म ‘हनुमान अंश’ का विशेष शो आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस धार्मिक फिल्म के साक्षी बन सकें।
2 करोड़ के बजट से 150 करोड़ का सफर
कैंची धाम के नीम करौली बाबा की महिमा पर आधारित यह फिल्म कम बजट में बनी एक बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हो रही है। महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए 150 करोड़ रुपये के क्लब में एंट्री मार ली है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



