चंकी बाजपेयी, इंदौर। मानसून के मद्देनजर नगर निगम ने जर्जर और अति खतरनाक भवनों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। बारिश के दौरान किसी भी तरह की दुर्घटना को रोकने के लिए निगम प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार शहर में मौजूद जर्जर भवनों की सूची तैयार कर ली गई है और सभी संबंधित जर्जर भवन मालिकों को नोटिस जारी किए गए हैं।
जर्जर इमारतों को हटाने की कार्रवाई
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि ऐसे भवनों का निरीक्षण कर उनकी स्थिति का आकलन कर लिया गया है। जिन इमारतों को अत्यंत जर्जर और खतरनाक पाया गया है उन्हें हटाने की कार्रवाई की जा रहीं है। इसी कड़ी मे नगर निगम ने अलग अलग जोनल क्षेत्रों मे जर्जर भवनों को ध्वस्त किया जा रहा है।
सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील
अपर आयुक्त प्रखर सिंह का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और अन्य खतरनाक इमारतों पर भी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बारिश के दौरान किसी जर्जर भवन के गिरने से जनहानि या संपत्ति का नुकसान न हो। अधिकारियों ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने आसपास मौजूद खतरनाक और जर्जर भवनों की जानकारी प्रशासन को दें साथ ही जिन लोगों के स्वयं के भवन जर्जर स्थिति में हैं वे समय रहते आवश्यक कदम उठाएं और सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
100 भवन निगम की निगरानी में
अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में लगभग 100 भवन निगम की निगरानी में हैं जिनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। निगम का कहना है कि मानसून शुरू होने से पहले जर्जर भवनों पर कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी ताकि शहरवासियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

