हेमंत शर्मा, इंदौर। इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि शादी के बाद उसे पता चला कि उसका पति समलैंगिक है, जिसके बाद उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। मामले में पुलिस जांच कर रही है।

पीड़िता के मुताबिक, उसकी शादी साल 2025 में इंदौर निवासी अमन वर्मा से हुई थी। युवती बीटेक इंजीनियरिंग की छात्रा है। आरोप है कि शादी की पहली रात से ही पति का व्यवहार सामान्य नहीं था। शक होने पर जब उसने पति का इंस्टाग्राम और मोबाइल चैट देखी तो वह हैरान रह गई। पीड़िता का दावा है कि उसे लड़कों के साथ चैट और समलैंगिक संबंधों से जुड़े कई सबूत मिले। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने यह बात परिवार वालों को बताई तो ससुराल पक्ष ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया और 25 लाख रुपए दहेज की मांग करने लगे।

जेठ ने दी धमकी, अस्पताल से हुआ फरार

युवती का कहना है कि लगातार मानसिक प्रताड़ना दी गई। मामले की शिकायत लेकर जब पीड़िता हीरानगर थाना पहुंची तो वहां उसका जेठ अभिषेक भी आ गया और धमकाने लगा। आरोप है कि जैसे ही थाना प्रभारी ने मामला दर्ज करने की बात कही, अभिषेक अचानक सीने में दर्द का ड्रामा करते हुए थाने में बैठ गया। इसके बाद पुलिस उसे एमवाय अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन वहां से वह फरार हो गया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि उसका जेठ अभिषेक, जो पेशे से डॉक्टर है, वह भी उसे लगातार प्रताड़ित करता था।

युवक के साथ संबंध होने का आरोप

युवती ने अभिषेक पर भी समलैंगिक होने और एक युवक के साथ संबंध होने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता के अनुसार उसकी अमन से कोचिंग के दौरान दोस्ती हुई थी। बाद में अमन ने ही परिवार से शादी की बात की और उसका “ब्रेनवॉश” कर शादी के लिए राजी किया। अब युवती पुलिस और प्रशासन से न्याय की मांग कर रही है। फिलहाल हीरानगर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m