हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर कांग्रेस कमेटी ने मास्टर प्लान की सड़कों के निर्माण के लिए किए जा रहे तोड़फोड़ अभियान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने घोषणा की है कि 6 जून को छावनी क्षेत्र में कांग्रेस की ओर से “जन अधिकार यात्रा” निकाली जाएगी। यात्रा के माध्यम से उन नागरिकों को न्याय दिलाने की मांग की जाएगी जिनके मकान और निर्माण सड़क चौड़ीकरण के दौरान तोड़े गए हैं।

 इस मुद्दे पर प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए शहर अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि मधुमिलन चौराहे से जगन्नाथ धर्मशाला तक मास्टर प्लान सड़क निर्माण के लिए नगर निगम द्वारा कई लोगों के निर्माण तोड़े गए हैं। उनका आरोप है कि इनमें से कई निर्माण वर्षों पुराने और वैध थे, जिन्हें बिना उचित मुआवजे के हटाया गया।

उनका का कहना है कि जिन लोगों की जमीन और निर्माण सड़क निर्माण के लिए लिए गए हैं, उन्हें भूमि अधिग्रहण नियमों के तहत बाजार मूल्य के अनुसार मुआवजा दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने उज्जैन में इसी तरह की कार्रवाई के दौरान प्रभावित लोगों को मुआवजा देने का प्रावधान किया है, तो वही नियम इंदौर में भी लागू किया जाना चाहिए। 

चिंटू चौकसे ने मांग की है कि मास्टर प्लान की सभी 23 सड़कों पर एक समान नीति अपनाई जाए और प्रभावित नागरिकों के साथ भेदभाव न किया जाए। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा नहीं दिया गया तो जन अधिकार यात्रा के माध्यम से आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा तथा जनता के अधिकारों की लड़ाई लगातार जारी रहेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m