Join Whatsapp Group

यहाँ क्लिक करें

हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में अपराध पर लगाम लगाने के लिए विजयनगर पुलिस ने बड़ी पहल शुरू की है। थाना क्षेत्र में 40 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और आने वाले समय में इनकी संख्या बढ़ाकर 150 से ज्यादा करने की तैयारी है। खास बात यह है कि इन सभी कैमरों का कंट्रोल सीधे विजयनगर थाने से किया जा रहा है, जहां थाना प्रभारी के कक्ष में ही कंट्रोल रूम बनाया गया है।


विजयनगर थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि क्षेत्र में अपराध रोकने और आरोपियों को जल्दी पकड़ने के लिए कैमरे सबसे बड़ा हथियार साबित हो रहे हैं। थाने में बने कंट्रोल रूम से लगातार कैमरों की लाइव निगरानी की जा रही है, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत नजर रखी जा सके। पुलिस अब अगले चरण में क्षेत्र के घरों, अस्पतालों, मॉल और अन्य संस्थानों में लगे निजी सीसीटीवी कैमरों को भी कंट्रोल रूम से जोड़ने की योजना बना रही है। इससे पूरे क्षेत्र की निगरानी एक ही जगह से की जा सकेगी और मनचलों, बदमाशों और चोरों पर सख्त नजर रखी जाएगी।

थाना प्रभारी के मुताबिक कैमरे लगने के बाद क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में कमी आई है। कई वारदातों में आरोपियों की पहचान इन्हीं कैमरों की मदद से हुई और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। अब पुलिस का लक्ष्य है कि जल्द ही कैमरों की संख्या 150 से ज्यादा कर दी जाए ताकि विजयनगर थाना क्षेत्र पूरी तरह कैमरों की निगरानी में आ सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m