चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में पुलिस ने कानून का उल्लंघन करने वाले एक आदतन बदमाश के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिला बदर के आदेश को ताक पर रखकर एक महीने के भीतर ही अपने घर लौटे 21 गंभीर अपराधों के आरोपी हसन रंगीला को रावजी बाजार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान बदमाश भागने की कोशिश में घायल भी हुआ है, जिसका पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

23 सितंबर को जारी हुआ था जिला बदर का आदेश

एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि हारून उर्फ हसन पिता युसूफ रंगीला, निवासी चंपा बाग कॉलोनी, रावजी बाजार इंदौर का आदतन बदमाश है, जिसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में कुल 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

आगामी त्योहारों और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए पुलिस द्वारा 23 सितंबर 2026 को इस बदमाश पर सख्त कार्रवाई की गई थी। मध्य प्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत उसे इंदौर शहरी सीमा के साथ-साथ पड़ोसी जिलों जैसे उज्जैन, देवास, धार और खरगोन की सीमाओं से भी 6 महीने के लिए निष्कासित किया गया था। आदेश के तहत उसे इन जिलों की सीमाओं से बाहर रहना था।

एक महीना भी घर से दूर नहीं रह पाया बदमाश

नियमों और पुलिस के आदेशों को धता बताते हुए बदमाश हसन रंगीला एक महीना भी अपने घर से दूर नहीं रह सका और चुपचाप वापस इंदौर स्थित अपने घर लौट आया। वह आसपास के क्षेत्रों में भी नजर आने लगा था।

जब इसकी भनक रावजी बाजार पुलिस को लगी, तो पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसके घर के पास घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर बदमाश भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने कई किलोमीटर तक उसका पीछा कर आखिरकार उसे दबोच लिया। इस दौरान धरपकड़ की कार्रवाई में बदमाश के हाथ में चोट आई है। पुलिस ने उसका मेडिकल चेकअप कराने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय और वैधानिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m