चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में 9 से 13 जून तक ‘ब्रिक्स कृषि सम्मेलन’ (BRICS Agricultural Meeting) का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस बार इस बेहद खास और अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता भारत कर रहा है। सम्मेलन में शामिल होने के लिए विभिन्न देशों के कृषि मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों का इंदौर पहुंचना शुरू हो चुका है। विदेशी मेहमानों और प्रतिनिधियों की सुरक्षा के लिए इंदौर पुलिस ने पलक-पावड़े बिछाने के साथ ही सुरक्षा के ऐसे कड़े इंतजाम किए हैं कि परिंदा भी पर न मार सके।
4 लेयर सुरक्षा और QRT की पैनी नजर
इंदौर पुलिस और प्रशासन ने विदेशी प्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ी है। एयरपोर्ट से लेकर वीआईपी रूट और होटलों तक मल्टी-लेयर यानि 4 स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था चक्र तैयार किया गया है।
अभेद्य सुरक्षा: एयरपोर्ट से लेकर आयोजन स्थल और ठहरने वाले होटलों तक चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात है।
क्विक रिस्पांस टीम (QRT): सुरक्षा व्यवस्था में लगी क्यूआरटी और पेट्रोलिंग टीमें हर गतिविधि पर बारीकी से नजर रख रही हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों का पहरा: पूरी सुरक्षा व्यवस्था की कमान खुद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाल रखी है और उनके सीधे निर्देशन में ही पूरा प्लान काम कर रहा है।
एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बेहद सख्त और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एयरपोर्ट से लेकर होटल तक मल्टी-लेयर सिस्टम के जरिए सुरक्षा दी जा रही है। क्यूआरटी और पेट्रोलिंग टीमें लगातार एक्टिव हैं ताकि किसी भी देश के प्रतिनिधि या अधिकारी को कोई असुविधा न हो।
जलवायु और कृषि जैसे गंभीर मुद्दों पर होगी महाचर्चा
भारत हमेशा से ही एक कृषि प्रधान देश रहा है और इस सम्मेलन के जरिए वैश्विक मंच पर भारत की भूमिका और मजबूत होगी। इस 5 दिवसीय सम्मेलन में कृषि के विकास के साथ-साथ जलवायु परिवर्तन (Climate Change) के कृषि क्षेत्र पर पड़ रहे प्रभाव जैसे गंभीर और महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की जाएगी।
अब तक पहुंचे 18 विदेशी प्रतिनिधि
अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार इस सम्मेलन में कुल 20 देशों के कृषि मंत्रियों और आला अधिकारियों के शामिल होने की उम्मीद है। फिलहाल कार्यक्रम की शुरुआत में 8 देशों के 18 प्रतिनिधि इंदौर पहुंच चुके हैं, जिनका शहर में पारंपरिक और भव्य स्वागत किया गया। आने वाले अन्य मेहमानों की सुरक्षा और स्वागत के लिए भी प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

