चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इंदौर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र में ट्रेन के सफर के दौरान हुई दोस्ती का फायदा उठाकर एक युवती को लिव-इन रिलेशनशिप में रखने और उसके साथ अपराध व धोखाधड़ी को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अपनी पहचान छुपाकर और झूठे वादे कर युवती के साथ रह रहा था।

ट्रेन के सफर से शुरू हुई थी पहचान

बताया जा रहा है कि निजी कंपनी में काम करने वाली एक युवती की मुलाकात ट्रेन के सफर के दौरान मंदसौर के रहने वाले दारा सिंह से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की जान-पहचान बढ़ी और इंदौर में मुलाकात का सिलसिला शुरू हो गया। इसके बाद आरोपी ने युवती को अपने झांसे में ले लिया और दोनों इंदौर में लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। कुछ समय तक साथ रहने के बाद आरोपी मौका पाकर पीड़िता को छोड़कर फरार हो गया।

जून 2026 में दर्ज कराई गई थी एफआईआर

पीड़िता ने इस पूरी घटना से तंग आकर जून 2026 में भंवरकुआं थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। घटना के बाद से आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर छिप रहा था।

पुलिस ने मंदसौर से दबोचा आरोपी

मामले की जानकारी देते हुए एसीपी विजय चौधरी ने बताया कि पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मंदसौर जिले के गरोठ निवासी दारा सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी पहले से ही शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। उसका परिवार भी उसकी हरकतों से परेशान रहता था।  

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m