हेमंत शर्मा, इंदौर। खंडवा रोड स्थित अरिहंत कॉलेज में 17 अगस्त को आयोजित डिबेट और मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम के दौरान देशविरोधी नारे लगाए जाने की खबर को लेकर अब स्थिति साफ होती नजर आ रही है। भंवरकुआ पुलिस की जांच में फिलहाल कॉलेज परिसर में किसी राष्ट्रविरोधी गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है।

मॉक पार्लियामेंट में हुआ था राजनीतिक ड्रामा

कॉलेज प्रबंधन के मुताबिक, 17 अगस्त को “यूनाइटेड वाइज” नाम से डिबेट प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें अलग-अलग स्कूलों से करीब 180 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। कार्यक्रम के दौरान “डिप्लोमेट सिंपोजियम” में विद्यार्थियों ने भारत, पाकिस्तान समेत अलग-अलग देशों के प्रतिनिधियों की भूमिका निभाकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इसी कार्यक्रम के तहत मॉक पार्लियामेंट भी आयोजित की गई थी। इसमें विद्यार्थियों ने पक्ष और विपक्ष की भूमिका निभाते हुए संसदीय बहस का मंचन किया। बहस के दौरान विपक्ष की भूमिका निभा रहे विद्यार्थियों ने नारेबाजी करते हुए सदन से वॉकआउट किया।

सोशल मीडिया पर वीडियो से फैली अफवाह

कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि नारेबाजी और वॉकआउट का पूरा घटनाक्रम मॉक पॉलिटिकल ड्रामा का हिस्सा था। इसमें किसी भी तरह के देशविरोधी नारे नहीं लगाए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की ओर से निभाई गई भूमिकाओं और बोले गए संवादों को संदर्भ से अलग कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया, जिसके बाद देशविरोधी नारे लगाए जाने की खबर सामने आई। विपक्ष की भूमिका निभाने वाले एक विद्यार्थी ने भी वीडियो जारी कर पूरे घटनाक्रम को मॉक पार्लियामेंट का हिस्सा बताया है।

पुलिस जांच में राष्ट्रविरोधी गतिविधि की पुष्टि नहीं

भंवरकुआ पुलिस की जांच और कॉलेज प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल अरिहंत कॉलेज में किसी राष्ट्रविरोधी गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है। देशविरोधी नारे लगाए जाने की खबर को कॉलेज प्रबंधन ने अफवाह बताया है। कॉलेज प्रबंधन ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर सामने आने वाले किसी भी वीडियो या पोस्ट को तथ्यों की पुष्टि किए बिना आगे प्रसारित न करें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m