इंडियन नेशनल लोकदल ने हरियाणा में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ 1 जून को राज्यव्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी सभी जिला मुख्यालयों को घेरकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेगी।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर सियासी माहौल गरमाने वाला है। 1 जून को प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों पर बड़ा विरोध प्रदर्शन होने जा रहा है, जिसके जरिए सरकार को घेरने की तैयारी की गई है। पार्टी का दावा है कि महंगाई ने गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की कमर तोड़ दी है और युवाओं के सामने रोजगार का संकट लगातार गहराता जा रहा है।
इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने ऐलान किया है कि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में 1 जून को सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया जाएगा। पार्टी नेताओं का कहना है कि रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम आदमी का घर चलाना मुश्किल हो गया है।
इनेलो का आरोप है कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। रसोई से लेकर रोजमर्रा के खर्च तक का बोझ बढ़ चुका है, जबकि युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहे। ऐसे में पार्टी जनता की आवाज को सड़क से प्रशासन तक पहुंचाने का दावा कर रही है।
पार्टी ने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अधिक संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। माना जा रहा है कि इस प्रदर्शन के जरिए इनेलो प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी को बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश करेगी।

