नारनौल: हरियाणा के नारनौल में बढ़ती महंगाई के विरोध में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। इनेलो कार्यकर्ताओं ने नारनौल स्थित लघु सचिवालय (Narnaul Secretariat) पहुंचकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त (डिप्टी कमिश्नर) के माध्यम से राज्य सरकार के नाम एक ज्ञापन सौंपा और आसमान छूती महंगाई पर तुरंत नियंत्रण लगाने की मांग की।

‘चरम सीमा पर पहुंची महंगाई, आम जनता पर पड़ा भारी आर्थिक बोझ’

प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे इनेलो नेता और नारनौल से पूर्व विधायक राधेश्याम शर्मा (Former MLA Radheshyam Sharma) ने सरकार की नीतियों पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि आज के दौर में डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस (LPG Gas Cylinders) की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने आम आदमी की कमर तोड़कर रख दी है।

राधेश्याम शर्मा ने आरोप लगाया कि महंगाई अब चरम सीमा पर पहुंच चुकी है, जिससे मध्यम वर्ग और गरीब परिवार का जीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में जब भी जनता पर कोई संकट आता है, तो इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) सबसे पहले उनके हक के लिए आवाज उठाती है और लोगों को जागरूक करने का काम करती है।

NEET परीक्षा में सेना की ड्यूटी लगाने के सवाल पर घेरा

प्रदर्शन के दौरान जब मीडिया ने पूर्व विधायक से नीट परीक्षा (NEET Exam) की सुरक्षा व्यवस्था में सेना (Indian Army) की ड्यूटी लगाए जाने को लेकर सवाल पूछा, तो उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए।

इनेलो नेता ने साफ कहा कि परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी और धांधली को रोकने की पूरी जिम्मेदारी सरकार की होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए केवल सुरक्षा बलों की तैनाती कर रही है और लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस तरह के गंभीर मुद्दों का समाधान महज सेना तैनात करने से नहीं होगा, बल्कि पूरी व्यवस्था को सुधारना होगा।