गौरव जैन, जीपीएम। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की ग्राम पंचायत नरौर निवासी एक बेबस मां ने विद्युत विभाग की लापरवाही से हुई बेटे की मौत और शासन से मिलने वाली सहायता राशि में हो रही देरी को लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। मृत बच्चे की मां यूनम ओट्टी ने बताया कि उनके 13 वर्षीय बेटे संतोष कुमार की खेलते समय 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से मौत हो गई थी। यह दर्दनाक हादसा 5 जनवरी 2025 को हुआ था। बच्चा खेलते-खेलते 11 हजार केवी विद्युत तार की चपेट में आ गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

20 महीने बाद भी नहीं मिला मुआवजा
घटना के लगभग 20 महीने बीत जाने के बाद भी अभी तक मुआवजा नहीं मिल पाया है, जबकि घटना के बाद संबंधित विभाग एवं पुलिस प्रशासन को सूचना सहित आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत किए जा चुके हैं। लेकिन डेढ़ साल बीत जाने के बाद भी पीड़ित परिवार को शासन द्वारा निर्धारित विद्युत दुर्घटना की सहायता राशि प्राप्त नहीं हुई है। मृतक की मां यूनम ओट्टी का आरोप है कि वे न्याय के लिए कई बार बिजली ऑफिस के चक्कर काट चुके हैं, लेकिन वहां से केवल यह कहकर टाल दिया जाता है कि जब तक ऊपर से आदेश नहीं आएगा, तब तक कुछ बता नहीं पाएंगे। आदेश आएगा, तब बताएंगे और कोई स्पष्ट जवाब भी नहीं दिया जा रहा है।

सही समय पर मुआवजा राशि न मिलने से परेशान होकर मृत बच्चे की मां ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर लिखित आवेदन सौंपा है। आवेदन के साथ मृत्यु प्रमाण पत्र, मृतक का आधार कार्ड और आवेदक का आधार कार्ड संलग्न किया गया है। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले में संज्ञान लेकर जल्द से जल्द आर्थिक सहायता राशि दिलाई जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।
विद्युत विभाग ने क्या कहा?
इस संबंध में जब विद्युत विभाग के कार्यपालन यंत्री (EE) से जानकारी ली गई, तो उन्होंने बताया कि जिस केस के बारे में बताया जा रहा है, उसकी मुआवजे की राशि का प्रकरण तैयार कर फाइल उच्च कार्यालय भेज दी गई है। कार्यपालन यंत्री ने स्पष्ट किया कि यहां से पूरी प्रक्रिया पूरी करके दस्तावेज भेज दिए गए हैं और उच्च कार्यालय से उसकी प्रशासकीय स्वीकृति और बजट मिलने का इंतजार है। जैसे ही उच्च कार्यालय से स्वीकृति और राशि प्राप्त होगी, तत्काल पीड़ित परिवार को भुगतान करने की कार्रवाई की जाएगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

