राहुल शर्मा, भिंड। जिला पंचायत की अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया ने नवरात्रि पर एक अभिनव पहल की शुरुआत की है। इस अनूठे प्रयोग के अंतर्गत नवरात्रि के नौ दिनों तक जिला पंचायत अध्यक्ष का दायित्व जिले की प्रतिभाशाली बेटियों को सौंपा जा रहा है। जिससे उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिल सके। इस पहल के तहत भिंंड की रहने वाली अयाती शर्मा को जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी की दायित्व सौंपी गई।

अधिकारियों से कई प्रश्न पूछे

अयाती शर्मा शिक्षक संतोष लहरिया की पुत्री और कक्षा 9 वीं की छात्रा है। अयाती ने अपने एक दिन के कार्यकाल के दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सहित जिला पंचायत के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मुलाकात कर विभिन्न योजनाओं एवं उनके क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों से पीएचई के क्षेत्र में चल रही योजनाओं, उनके लाभार्थियों एवं जमीनी स्तर पर हो रहे कार्यों की समीक्षा भी की। उन्होंने प्रशासनिक कार्यों को समझने में रुचि दिखाई और अधिकारियों से कई प्रश्न पूछे।

भविष्य में देश के विकास में भूमिका निभा सकें

जिला पंचायत अध्यक्ष कामना ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य बेटियों को नेतृत्व, प्रशासन और जिम्मेदारी का अनुभव प्रदान करना है, ताकि वे भविष्य में समाज और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें। यह पहल जिले में बेटियों के सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है। हालांकि अयाती शर्मा के जिला पंचायत अध्यक्ष बनने के बाद जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल से वीडियो कॉल पर चर्चा की और अपने एक दिन के अनुभव को साझा किया। उन्हें कई सुझाव भी दिए ताकि योजनाओं का लाभ सीधा नागरिकों को मिले।

अयाती शर्मा, एक दिन की जिला पंचायत अध्यक्ष
कामना सिंह भदौरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष भिंड

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m