नीरज काकोटिया, बालाघाट। जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने कथित तौर पर नीट पेपर लीक और छात्र हितों के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन करते हुए रस्सी बम को जलाकर धमाके कर दिया। युवक ने इंकलाब जिंदाबाद, भगत सिंह जिंदाबाद, भ्रष्टाचार मुर्दाबाद और सरकार विरोधी नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान वीडियो में युवक दो बार सुतली बम फोड़ते दिखाई दे रहा है, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि अब युवक ने विडियो जारी कर माफी मांगी है।

सरकार मुर्दाबाद और भ्रष्टाचार मुर्दाबाद के नारे भी लगाए

वायरल वीडियो में युवक खुद को भगत सिंह के विचारों से प्रेरित बताते हुए कहता है कि सरकार छात्रों की आवाज नहीं सुन रही है। उसका आरोप है कि छात्रों पर लाठीचार्ज कराया गया और उनकी मांगों को अनदेखा किया जा रहा है। युवक ने सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि आज वह अकेला प्रदर्शन कर रहा है, लेकिन आने वाले समय में उसके साथ सैकड़ों युवा जुड़ेंगे। प्रदर्शन के दौरान उसने भारत सरकार मुर्दाबाद और भ्रष्टाचार मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।

खेद जताते हुए माफी नामा जारी

यह वीडियो बालाघाट कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर का है। हालांकि इस मामले में जिला प्रशासन क्या कार्रवाई करता है यह स्पष्ट नहीं हुआ है। हालांकि अब युवक ने अपना नाम सुजल मेश्राम वारासिवनी बालाघाट निवासी बताते हुए कहा कि वह डीएलएड की पढ़ाई कर रहा है और अपने कलेक्ट्रेट में किये गये कृत्य के लिए खेद जताते हुए माफी नामा भी जारी किया है।

सुजल मेश्राम।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m