वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर करने वाले यात्रियों का रेलवे खास ध्यान रखती है। बीते कुछ दिनों से IRCTC और रेलवे, खाने में कीड़ा निकलने और बाकी समस्याओं को लेकर काफी संवेदनशील नजर आई है। इस बार भी पैसेंजर की शिकायत पर IRCTC ने ट्रेन में खाने का काम संभाल रहे वेंडर पर 10 लाख का जुर्माना लगाया है। इस बार भी अहमदाबाद से मुंबई के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में खाने में कीड़ा मिलने की शिकायत पर IRCTC ने वेंडर कंपनी पर तगड़ा एक्शन लिया है।
वंदे भारत एक्सप्रेस में एक पैसेंजर को मिले खाने में कीड़ा निकल आया। जिसकी शिकायत करते हुए उसने खाने की वीडियो के साथ-साथ वेंडर कंपनी का नाम भी IRCTC को बता दिया। बस फिर क्या IRCTC ने एक्शन लेते हुए वेंडर पर 10 लाख का जुर्माना ठोका और करार भी रद्द कर दिया।
पहले भी जब भी कभी किसी ने ट्रेन में खराब खाने की समस्या उठाई है, रेलवे ने सख्त से सख्त एक्शन लिया है। अगर खाने में कुछ भी समस्या आती है, तो पैसेंजर सबसे पहले रेलवे को ही पकड़ता है। X पर भी आदित्य डिडवानिया (@adityadidwania) ने अपनी समस्या उठाते हुए 3 तस्वीरें और एक वीडियो शेयर किया है। आदित्य ने 2 तस्वीर और 1 वीडियो में दाल में मिले कीड़े को दिखाया है। जबकि एक फोटो उन्होंने वेंडर की कंपनी के ID कार्ड भी खींची है। जिसके आधार पर ही एक्शन हुआ है।
आदित्य डिडवानिया अपनी X पोस्ट में बताते है कि वंदे भारत ट्रेन (अहमदाबाद → मुंबई) के खाने में कीड़ा मिला। मेरे डिब्बे में कम से कम दो बार ऐसा हुआ, जिसके बाद सभी ने खाना बंद कर दिया। वेंडर (विक्रेता) का नाम मेसर्स ब्रांडावन फूड प्रोडक्ट्स (आरके ग्रुप का हिस्सा) है।

यूजर ने आगे @fssaiindia, @AshwiniVaishnaw, @RailMinIndia और @IRCTCofficial को टैग करते हुए लिखा- अधिकारियों से बस एक ही निवेदन है, कृपया इन पर छापा मारें। मुझे पूरा यकीन है कि यहां खाना FSSAI मानकों के अनुसार नहीं बनाया जा रहा है। दोषी पाए जाने पर इनका लाइसेंस रद्द कर देना चाहिए। उम्मीद है कि यह मामला रिश्वतखोरी से हल नहीं होगा।
इस मामले को IRCTC ने भी गंभीरता से लिया और पोस्ट पर कमेंट करते हुए मामले में एक्शन के लिए आदित्य से उनका मोबाइल नंबर और PNR मांगा। साथ ही, बताया कि मामले को एक्शन के लिए आगे भेज दिया गया है। फिर पोस्ट पर 12 घंटे पहले IRCTC ने कमेंट करके बताया कि इस मैटर को पूरी गंभीरता के साथ लिया गया है और कॉन्ट्रैक्टर पर पूरे 10 लाख का जुर्माना लगाया है।
साथ ही, ट्रेन में खाना देने वाले वेंडर का लाइसेंस भी रद्द कर दिया गया। किचन की सील करके उसकी डीप क्लीनिंग पेस्ट कंट्रोल किया जा रहा है।
यूजर्स पैसेंजर के खाने में मिले कीड़े को लेकर कमेंट सेक्शन में सवाल करते नजर आ रहे हैं। लोगों का कहना है कि अब ये रोज-रोज का हो चुका है और अब सख्त कदम उठाने की जरूरत है। ट्रेन और स्टेशन के विक्रेताओं से खाना न लें और न ही खाएं, हमेशा अपना खाना साथ लेकर चलें।

