अजय सैनी, भिवानी। नीट यूजी-2026 पेपर लीक मामले को लेकर अब छात्र संगठनों का विरोध तेज हो गया है। इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (इनसो) ने गुरुवार को भिवानी में प्रदर्शन करते हुए उपायुक्त के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और दोबारा परीक्षा कराने की मांग उठाई।

इनसो के जिला अध्यक्ष जयदीप ग्रेवाल और यूनिवर्सिटी प्रधान सपना के नेतृत्व में छात्र प्रतिनिधिमंडल लघु सचिवालय पहुंचा। उपायुक्त की ओर से सीटीएम ने ज्ञापन स्वीकार किया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र भी मौजूद रहे।

जयदीप ग्रेवाल ने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में पेपर लीक होना बेहद गंभीर मामला है। इससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि छात्र सालों तक मेहनत करते हैं, लेकिन इस तरह की घटनाएं उनकी मेहनत और भरोसे दोनों को तोड़ देती हैं।

इनसो ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और जल्द सीबीआई जांच पूरी की जाए। साथ ही पेपर लीक में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो। संगठन ने एनटीए की कार्यप्रणाली और परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।

यूनिवर्सिटी प्रधान सपना ने कहा कि छात्रों के हितों को देखते हुए नीट परीक्षा दोबारा पारदर्शी तरीके से आयोजित की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि दोबारा परीक्षा के लिए छात्रों से किसी प्रकार की अतिरिक्त फीस न ली जाए। साथ ही छात्रों को मानसिक और आर्थिक परेशानी से बचाने के लिए विशेष व्यवस्था की जाए।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि इस पूरे विवाद के कारण छात्रों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित नहीं होना चाहिए। इनसो नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इस मौके पर अमित, लक्ष्य, हरीश, मोहिनी, मुस्कान, सोहित समेत कई छात्र और पदाधिकारी मौजूद रहे।