अनमोल मिश्रा, सतना। मध्यप्रदेश के सतना जिले के मझगवां जनपद के उपयंत्री एसके समेले एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं। विकास कार्यों के सत्यापन के लिए ग्राम पंचायतों में फील्ड विजिट के दौरान वे रायफल साथ लेकर जा रहे हैं, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त है। हाल ही में ग्राम पंचायत हिरौंदी में कार्यों का निरीक्षण करते समय उपयंत्री समेले रायफल लेकर पहुंचे।
बंदूक के भरोसे सिर्फ सरपंच और सचिव की उपस्थिति में निरीक्षण
ग्रामीणों का आरोप है कि गुणवत्ताहीन कार्यों पर सवाल न उठे, इसलिए वे बंदूक के भरोसे सिर्फ सरपंच और सचिव की उपस्थिति में निरीक्षण पूरा करते हैं। पंचायत सचिव पर भी भ्रष्टाचार में शामिल होने के आरोप लगे हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि विकास कार्यों के निष्पक्ष निरीक्षण के दौरान शस्त्र लेकर जाना नियमों के विरुद्ध है। यदि कोई अधिकारी असुरक्षित महसूस करता है तो उसे वरिष्ठ अधिकारियों व पुलिस को सूचित करना चाहिए।
नोटिस जारी कर 22 जून तक मांगा जवाब
मामले के संज्ञान में आने पर जिला पंचायत सीईओ शैलेन्द्र सिंह ने उपयंत्री समेले को नोटिस जारी कर 22 जून तक जवाब मांगा है। साथ ही अपर कलेक्टर व अपर जिला दंडाधिकारी को पत्र लिखकर शस्त्र की वैधानिकता की जांच कराने को कहा है।सीईओ शैलेन्द्र सिंह ने कहा, “सरकारी कार्य के दौरान इस तरह रायफल लेकर चलना मान्य नहीं है। मामला गंभीर है।”

