संजीव, सोनीपत। उपायुक्त नेहा सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को लघु सचिवालय में जनगणना-2027 के कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्य की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तय समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि जनगणना देश का महत्वपूर्ण कार्य है और इसे पूरी गंभीरता, पारदर्शिता तथा जिम्मेदारी के साथ पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने जनगणना ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही अत्यधिक लापरवाही पाए जाने पर संबंधित शिक्षकों की एक दिन की सैलरी काटने के भी आदेश जारी किए।

बैठक में बताया गया कि जनगणना-2027 का पहला चरण 30 मई तक आयोजित किया जाएगा, जबकि दूसरा चरण 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक चलेगा।

उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े सरकार की योजनाओं और नीतियों के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। इसलिए इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीसी ने जिलावासियों से भी सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि गणनाकर्ताओं को सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं। जनगणना के दौरान दी गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है और इसका उपयोग केवल सरकारी आंकड़ों और योजनाओं के लिए किया जाता है।

बैठक में सीटीएम सिमरन, जिला जनगणना समन्वय अधिकारी गौरव कुमार, डीईओ नवीन गुलिया, चार्ज अधिकारी कीर्ति, ललिता, सिखा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।