अनमोल मिश्रा, सतना। लोकायुक्त रीवा की टीम ने नगर निगम के एक सुपरवाइजर को 2 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपी सुपरवाइजर पर सफाईकर्मी की हाजिरी लगाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। लोकायुक्त की टीम ने आज बिरला हॉस्पिटल के सामने ट्रैप की कार्रवाई की। मामले में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
हाजिरी कम लगाने के नाम पर मांगी थी रिश्वत
सतना के महात्मा गांधी वार्ड निवासी 33 वर्षीय राजकिशोर समुंद्रे नगर निगम में सफाईकर्मी हैं। शिकायतकर्ता का आरोप था कि सितंबर माह में उन्होंने 25 दिन काम किया था, लेकिन उनकी हाजिरी रजिस्टर में कम दर्ज की गई। इस संबंध में जब उन्होंने सुपरवाइजर बालकृष्ण आदिवासी से बात की, तो कथित तौर पर हाजिरी दर्ज करने के एवज में 3 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा 1 हजार रुपये लिए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम गठित कर ट्रैप की कार्रवाई की गई।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आरोपी बालकृष्ण आदिवासी (30 वर्ष) मूल रूप से ग्राम लोनी, पोस्ट कोटवा, तहसील जवा, जिला रीवा का निवासी है। वर्तमान में वह सतना के हनुमान नगर नई बस्ती में किराए के मकान में रह रहा था। लोकायुक्त टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रिश्वत मांगे तो लोकायुक्त से करें शिकायत
यह कार्रवाई लोकायुक्त संगठन रीवा की टीम द्वारा की गई। ट्रैपकर्ता अधिकारी निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया टीम के साथ कार्रवाई में शामिल रहे, लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत लोकायुक्त रीवा के मोबाइल नंबर 98936 07619 पर की जा सकती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

