अविनाश श्रीवास्तव, रोहातास। बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट की परीक्षा आज 2 फरवरी 2026 से शुरू हो गई है। जिले के तीनों अनुमंडलों में शांतिपूर्ण और कदाचार-मुक्त माहौल में शुरू हो चुकी है। जिले में इस वर्ष इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 50 हजार 813 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं, जिनमें 26 हजार 312 बालिकाएं और 24 हजार 501 बालक शामिल हैं। परीक्षार्थियों के लिए जिले भर में कुल 69 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

यह परीक्षा 2 फरवरी से 13 फरवरी तक दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9 बजे से जबकि दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगी। बोर्ड के निर्देशानुसार परीक्षा शुरू होने से पहले ही परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश बंद कर दिया जाएगा।

परीक्षा को पूरी तरह कदाचार-मुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन द्वारा सख्त इंतजाम किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए गए हैं और वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी की व्यवस्था की गई है। परीक्षा से जुड़ी सभी गोपनीय सामग्री को सुरक्षित रखने के लिए कोषागार को वज्रगृह बनाया गया है।

इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती की गई है। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और अन्य गैर-आवश्यक सामग्री पर पूरी तरह प्रतिबंध है। किसी भी प्रकार की कदाचार की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने परीक्षार्थियों और अभिभावकों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

ये भी पढ़ें- Bihar Budget Session 2026 LIVE: विधानसभा पहुंचे अध्यक्ष प्रेम कुमार और CM नीतीश, मंत्रियों ने किया स्वागत, थोड़ी देर में शुरू होगा बजट सत्र