सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिले के डबवाली में भाजपा की अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई है। भाजपा नेता सुनील उर्फ टिशु प्रधान ने पार्टी की डबवाली जिलाध्यक्ष रेणू शर्मा और जिला महामंत्री विजयंत शर्मा समेत चार लोगों को 30 लाख रुपये का मानहानि का लीगल नोटिस भेजा है। आरोप है कि उनकी जानकारी के बिना वीडियो रिकॉर्ड कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया गया, जिससे उनकी छवि धूमिल हुई और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले भाजपा नेता सुनील उर्फ टिशु प्रधान का जिलाध्यक्ष रेणू शर्मा के पैर छूते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की टिप्पणियां हुईं। टिशु प्रधान का आरोप है कि उन्होंने रेणू शर्मा को मां का सम्मान देते हुए उनके पैर छुए थे, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम का गुप्त रूप से वीडियो बनाकर सार्वजनिक कर उनका मजाक उड़ाया गया और उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया गया।

टिशु प्रधान ने अपने वकील के माध्यम से भेजे गए नोटिस में गुप्त रिकॉर्डिंग, मानहानिकारक वीडियो के प्रकाशन, निजता के उल्लंघन और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए 30 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति की मांग की है। नोटिस में कहा गया है कि यदि सात दिनों के भीतर मांगों का पालन नहीं किया गया तो भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, डबवाली भाजपा जिलाध्यक्ष रेणू शर्मा और जिला महामंत्री विजयंत शर्मा ने नोटिस मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्हें लीगल नोटिस प्राप्त हुआ है और उसका विधिक जवाब दिया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m