चांडिल .चांडिल में पूर्व आभूषण व्यवसायी उमंग चौधरी के घर हुई डकैती मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसआईटी ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 24 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। मामले में अब तक कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

रेकी कर डकैतों को बुलाने का आरोप

चांडिल बाजार बस स्टैंड के समीप पूर्व आभूषण व्यवसायी उमंग चौधरी के घर हुई डकैती की जानकारी मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक दुसरू बानसिंह ने चांडिल एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की। मामले के मुख्य आरोपी मोहिउद्दीन अंसारी, गुलजार अंसारी, सद्दाम अंसारी, सोबराती अंसारी और शेख जमील को पहले ही हजारीबाग से गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

जेल में हुई थी मुख्य आरोपियों से मुलाकात

जांच के दौरान एसआईटी ने चांडिल के सुकसारी निवासी राहुल कुमार महतो को गिरफ्तार किया। वह एक डिलीवरी कंपनी में कूरियर पहुंचाने का काम करता है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में राहुल ने बताया कि वर्ष 2022-23 में घाघीडीह जेल में रहने के दौरान उसकी मुलाकात मोहिउद्दीन और सोबराती से हुई थी। आरोप है कि राहुल ने ही उमंग चौधरी के घर की रेकी की और डकैतों को बुलाकर वारदात को अंजाम दिलाने में भूमिका निभाई।

धनबाद से पकड़ा गया लूट के गहने खरीदने वाला आरोपी

पुलिस ने लूटे गए आभूषण खरीदने के आरोप में धनबाद जिले के बरोरा (हरिना) निवासी त्रिवेणी प्रसाद स्वर्णकार को भी गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर बड़ी मात्रा में सोने-चांदी की सामग्री बरामद की गई।

ये सामान हुआ बरामद

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से बरामद सामग्री में शामिल हैं:

  • 5,142 ग्राम गला हुआ चांदी
  • 80 ग्राम गला हुआ सोना
  • ब्रिटिश काल के 32 चांदी के सिक्के
  • चांदी के दो स्वास्तिक
  • ब्रेसलेट में लगे 11 हीरे
  • दो मोबाइल फोन
  • एक हीरो होंडा बाइक

पुलिस ने बरामद आभूषणों की कीमत करीब 24 लाख रुपये बताई है। कार्रवाई में मुख्यालय डीएसपी, नक्सल शाखा प्रभारी, चांडिल अंचल निरीक्षक और थाना प्रभारी समेत कई पुलिस अधिकारी शामिल रहे।