देहरादून। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने विश्व श्रमिक दिवस के अवसर पर समस्त श्रमिक भाइयों व बहनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण, विकास और समाज की प्रगति में श्रमिकों का योगदान अतुलनीय है। अपने परिश्रम, समर्पण और कर्मनिष्ठा से वे देश की उन्नति की मजबूत नींव रखते हैं।

आत्मनिर्भर बनाने हेतु प्रभावी प्रयास किए जा रहे

सीएम धामी ने कहा कि हमारी सरकार श्रमिकों के कल्याण, उनके अधिकारों की सुरक्षा, सामाजिक सम्मान तथा बेहतर जीवन स्तर सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से श्रमिकों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने हेतु प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। उत्तराखंड में भी श्रमिक कल्याण, समान अवसर और सुरक्षित भविष्य के संकल्प के साथ हमारी सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

READ MORE: आइए एक दिन खुले मंच में और…गणेश गोदियाल की CM धामी को खुली चुनौती, जानिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने क्यों कहा ऐसा?

राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों का अमूल्य योगदान

सीएम धामी ने आगे कहा कि राष्ट्र के अनाम शिल्पी हमारे श्रमिक भाई ही भारत के विकास की असली नींव हैं। मजदूर दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि उनके श्रम, समर्पण और त्याग को नमन करने का अवसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में श्रमिकों को सम्मान, सुरक्षा और अधिकार दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं।