राकेश कथूरिया, कैथल। जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश ने बताया कि 21 जून को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय भव्य समारोह का आयोजन जींद रोड स्थित अतिरिक्त अनाज मंडी में किया जाएगा। समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसमें सांसद नवीन जिन्दल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उनके साथ डीसी अपराजिता तथा पूर्व विधायक लीला राम की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
इसके अलावा कलायत में पूंडरी विधायक सतपाल जांबा, गुहला में एचएसएएमबी के चेयरमैन एडवोकेट वेदपाल, राजौंद में भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, ढांड में पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा, पूंडरी में पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष योग दिवस का थीम स्वस्थ आयु के लिए योग एवं योग युक्त-नशा मुक्त हरियाणा रखा गया है। समारोह का शुभारंभ प्रातः 6 बजे होगा। इसके उपरांत अतिथियों का स्वागत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के संदेश प्रसारित किए जाएंगे। इसके बाद आयुष विभाग के योग विशेषज्ञों द्वारा सुबह 7 बजे से 7:45 बजे तक सामान्य योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया जाएगा।
योगाभ्यास के उपरांत मुख्य अतिथि नवीन जिंदल उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिभागियों एवं संस्थाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेश राविश तथा जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शकुंतला दहिया ने जिले के सभी नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ, सकारात्मक एवं नशा-मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।

