International Yoga Day 2026: आज पूरा विश्व 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहा है। भारत समेत वैश्विक स्तर पर करीब 2,500 अलग-अलग ठिकानों पर बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। कोलकाता से टोरंटो और न्यूयॉर्क से लेकर शंघाई तक अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की धूम दिखी। न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर लोगों ने योग किया। न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर (New York Times Square) पर विभिन्न देशों के करीब दस हजार लोगों ने योग किया। शंघाई में 400 लोगों ने एक साथ योग किया। वहीं भारत में हिमालय से लेकर हिंद महासागर और शहर-शहर योग की धूम दिखी। देश का मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर हुआ। कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर 35 हजार लोगों के साथ पीएम मोदी (PM Modi) ने ताड़ासन, अर्धचक्रासन, भद्रासन और त्रिकोणासन किया। भारत से सात समुंदर पार अमेरिका में भी योग की धूम दिखी।

शंघाई में योग दिवस की धूम

चीनी शहर शंघाई के मशहूर ‘बंड फाइनेंस सेंटर’ (BFC) में भारत के वाणिज्य दूतावास ने 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का शानदार जश्न मनाया। इस खास मौके पर योग करने के लिए करीब 400 लोग एक साथ जुटे। कार्यक्रम में अलग-अलग देशों के राजनयिक, प्रोफेसर, योग प्रेमी, वहां रहने वाले भारतीय और भारत के चीनी दोस्त भी शामिल हुए. सभी ने मिलकर योग के अलग-अलग आसन किए और सेहत का संदेश दिया।

टोरंटो में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, जुटे सैकड़ों लोग

कनाडा के टोरंटो में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया। ओंटारियो विधानसभा की ऐतिहासिक इमारत के सामने आयोजित कार्यक्रम में सरकारी प्रतिनिधियों, राजनयिकों, योग प्रशिक्षकों और भारतीय समुदाय के लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ थीम पर सामूहिक योग सत्र आयोजित किया गया।

पैंगोंग की पहाड़ियों पर सेना के जवानों ने किया योग

लद्दाख के लेह में दुनिया की सबसे ऊंची झीलों में से एक, पैंगोंग झील के किनारे भारतीय सेना के जवानों ने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर योग किया। कड़ाके की ठंड और ऊंचे पहाड़ों के बीच जवानों ने एक साथ मिलकर योग के अलग-अलग आसन किए और देश को फिटनेस का संदेश दिया।

भारतीय नौसेना के जवानों ने किया योग

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर भारतीय नौसेना के जवानों ने भी योग अभ्यास किया। इस दौरान नौसेना के जवानों ने इस साल की थीम को अपनाया। जवानों ने योग के जरिए मन को शांत और शरीर को मजबूत रखने के साथ ही हमेशा देश सेवा के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहने का संदेश दिया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शिलांग में किया योग

मेघालय की राजधानी शिलांग में भी 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल हुए और उन्होंने वहां मौजूद लोगों के साथ मिलकर योग किया।

गृह मंत्री शाह ने अहमदाबाद में योग किया

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर गुजरात के अहमदाबाद में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल हुए और उन्होंने वहां मौजूद लोगों के साथ मिलकर योग के अलग-अलग आसन किए।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और असम CM हिमंता गुवाहाटी में योग किया

असम के गुवाहाटी में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर एक खास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा एक साथ शामिल हुए। दोनों नेताओं ने वहां मौजूद लोगों के साथ मिलकर योग के अलग-अलग आसन किए।

 जालंधर में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने किया योग

पंजाब के जालंधर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन शामिल हुए। उन्होंने वहां मौजूद लोगों के साथ मिलकर योग के अलग-अलग आसन किए और सभी को योग दिवस की बधाई दी।

तनाव से बचना है तो रोज करें योग- सीएम देवेंद्र फडणवीस

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में योग किया। उन्होंने लोगों को योग दिवस की बधाई दी। महाराष़्ट्र सीएम ने कहा कि योग विद्या हमारी प्राचीन जीवन शैली का हिस्सा है।

 गुरुग्राम में एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी ने किया योग

हरियाणा के गुरुग्राम में आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में बॉलीवुड एक्ट्रेस और फिटनेस आइकॉन शिल्पा शेट्टी शामिल हुईं। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों के साथ मिलकर योग किया।

पीएम मोदी ने मेलोनी को Melody Toffee गिफ्ट दी, खुशी से झूम उठी इटली की प्रधानमंत्री

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m