Business Desk – Investment Tips 2026 : शेयर बाजार में पिछले कुछ महीनों से दबाव बना हुआ है। ऐसे में निवेशकों के सामने सवाल है कि इस गिरावट के बीच पैसा कहां लगाया जाए। अल्फा कैपिटल के सीनियर पार्टनर मुकेश जिंदल के मुताबिक, मौजूदा समय में हाई क्वालिटी बैंक शेयरों में निवेश का अच्छा मौका है।

बैंकों की सेहत लंबे समय बाद इतनी मजबूत

जिंदल ने कहा कि बैंकों की क्रेडिट ग्रोथ मजबूत है और एसेट क्वालिटी लंबे समय बाद इतनी बेहतर दिख रही है। बैंक निफ्टी भी मौजूदा स्तर पर आकर्षक है। उनके मुताबिक निवेशकों को ऐसे बैंकों पर फोकस करना चाहिए, जिनका डिपॉजिट बेस मजबूत और बुक क्लीन हो। हालांकि, पिछले एक साल में प्राइवेट बैंकों के शेयरों में पीएसयू बैंकों के मुकाबले कम तेजी देखने को मिली है।

टेलीकॉम, डिफेंस और इंफ्रास्ट्रक्चर में भी मौका

जिंदल ने टेलीकॉम को भी आकर्षक सेक्टर बताया। उनका कहना है कि कंपनियों का फोकस अब सिर्फ सब्सक्राइबर्स बढ़ाने के बजाय मौजूदा ग्राहकों से कमाई बढ़ाने पर है।

इसके अलावा डिफेंस और इंफ्रास्ट्रक्चर में भी निवेश के अवसर दिख रहे हैं। इन सेक्टर्स में पूंजीगत खर्च बढ़ रहा है। बाजार में आई गिरावट के बाद निवेशकों के लिए पोर्टफोलियो की क्वालिटी सुधारने का मौका है।

इंश्योरेंस पर भी पॉजिटिव नजरिया

बैंकिंग और इंश्योरेंस में निवेश को लेकर जिंदल ने दोनों सेक्टर्स पर पॉजिटिव नजरिया जताया, लेकिन बैंकिंग को ज्यादा आकर्षक बताया। उनके मुताबिक बैंक शेयर मौजूदा स्तर पर सस्ते दिख रहे हैं।

वहीं, इंश्योरेंस को उन्होंने लंबी अवधि की कहानी बताया। अभी इंश्योरेंस प्रोडक्ट्स की पहुंच आबादी के सीमित हिस्से तक है। GST में राहत मिलने के बाद इनकी मांग और दिलचस्पी बढ़ सकती है।

क्रूड 100 डॉलर पार रहा तो बढ़ सकती है महंगाई

जिंदल के मुताबिक कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से महंगाई का जोखिम बढ़ रहा है। अगर क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बना रहता है और पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ती हैं, तो फ्रेट महंगा होने से रिटेल महंगाई 5% या उससे ऊपर जा सकती है।हालांकि, क्रूड के दोबारा 100 डॉलर के पार जाने के बावजूद अभी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी नहीं हुई है।